बिहारवासियों के लिये DGP की अपील, कहा-क़ानून से बड़ा कोई नहीं और क़ानून हाथ में लेने की छूट किसी को नहीं

PATNA (ARUN KUMAR) : बिहार के पुलिस कप्तान पुलिस महानिदेशक गुप्तेश्वर पाण्डेय हर मुख्य पर्व-त्योहार व कई महत्वपूर्ण मौकों पर सोशल मीडिया के माध्यम से विधि व्यवस्था संधारण हेतू बिहार की जनता खासकर युवायों को संबोधित करते रहें हैं. स्मार्ट पुलिसिंग व्यवस्था और पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति अपनी जिम्मेवारी निभाते हुये जनता में विश्वास पैदा करने की नसीहत बराबर देते रहे हैं.

उनका मानना है कि जनता के प्रति पुलिसकर्मियों के विनम्र व्यवहार और कर्तव्यपरायणता की भावना से न्याय के प्रति विश्वास पैदा होता है जिससे पुलिस विभाग का कार्य आसान हो जाता है. जनता पुलिस के कार्य में बाधक नहीं अपितु सहायक सिद्ध होती है. पुलिस महानिदेशक की अपील का असर भी बिहार में पर्व त्योहारों, चुनाव आदि में देखने को भी मिला है, जहाँ बिना किसी गड़बड़ी के सभी प्रमुख दिवस सम्पन्न हुआ है. यह माना जाता है कि डीजीपी की बातें जनता न सिर्फ सुनती हैं बल्कि उस पर अमल भी करती है, खासकर युवा वर्ग.

23 मई को होने वाले मतगणना को लेकर डीजीपी ने विधि व्यवस्था संधारण हेतू 22 मई की संध्या सोशल मीडिया के माध्यम से एक अपील की है. उन्होंने कहा है कि-बिहार वीरों, बलिदानियों व शहीदों की धरती है और ये बुद्ध-महावीर जैसे संतों की भी धरती है. हमें बिहार के गौरव को हर हाल में बनाए रखना है.

इस वर्ष आम जनता और विशेषकर नौजवानों के सहयोग से जिस तरह के सद्भावना पूर्ण माहौल में होली, रामनवमी, शब-ए-बारात आदि त्योहार निकले और जिस तरह शांति से चुनाव का महा पर्व सम्पन्न हुआ उससे बिहार का मान-सम्मान और गौरव बढ़ा है. हम सबको गर्व होना चाहिए कि हम सब बिहारी हैं. मैं सभी बिहार वासियों ख़ास रूप से नौजवानों को इसके लिए बधाई देता हूँ और उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ.

डीजीपी श्री पाण्डेय ने निवेदन करते हुये कहा है कि – कल 23 मई को सुबह से मतगणना होगी. चुनाव जनता का निर्णय है.कोई हारता है,कोई जीतता है.जीतनेवाले और हारनेवाले दोनो पक्षों में कुछ उपद्रवी तत्व हो सकते हैं. जीतनेवाले जीत के उत्साह में और हरनेवाले पक्ष के लोग हार की हताशा में कुछ ऐसे काम करने लगते हैं, जिस से विधि व्यवस्था की समस्या खड़ी हो जाती है. फिर पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठी चलानी पड़ती है, गोलियां तक चलानी पड़ती है. ऐसी स्थिति में लोग घायल होते हैं, मरते हैं, फिर केस मुक़दमे, गिरफ़्तारी, कुर्की ज़ब्ती -फिर अपनी परेशानी और सूबे की बदनामी. एक बार केस मुक़दमे में उलझ गए तो गुंडा रजिस्टर में नाम दर्ज होना तो अबकी बार तय. फिर जीवन भर की आफ़त!

चुनाव के दौरान भी पूरे सूबे में सिर्फ़ 7-8 जगहों पर कुछ असामाजिक तत्वों ने गुंडागर्दी करने की कोशिश की. वो कुछ कर तो नहीं पाए लेकिन अपना भविष्य अवश्य बर्बाद कर लिया. ठोक कर मुक़दमे हुए और आगे इसका जो नतीजा होगा वो समय बताएगा. क़ानून से बड़ा कोई नहीं और क़ानून हाथ में लेने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती.

मैं अपील करता हूँ बिहार की अवाम से विशेषकर सारे नौजवानों से कि वो किसी के बहकावे में आकर कोई ऐसा काम ना करें जिससे उनका भविष्य ख़राब हो.चंद लोग ही उपद्रवी होते हैं जो ये सब करते हैं,कराते हैं. आप सतर्क रहें. कहीं जातिय, दलीय या साम्प्रदायिक तनाव नहीं फैलने दें. कुछ लोग गुंडागर्दी को ही पुरुषार्थ समझते हैं, और अशांति, उपद्रव और हिंसा फैलाने में ही गर्व अनुभव करते हैं. उनसे कैसे निबटना है, ये पूरे पुलिस बल को समझा दिया गया है. पुलिस और प्रशासन के लोग ऐसे उपद्रवी तत्वों से अच्छी तरह निबट लेंगे.

क़ानून तोड़ने वालों को मेरी एक बात केवल याद रहनी चाहिए- “किसी की सिफ़ारिश काम नहीं आएगी, अपने नफ़ा नुक़सान का ठीक से हिसाब लगा कर ही कोई निर्णय लें. फिर कोई मदद नहीं कर पाएगा.” मुझे बिहार की आवाम पर, विशेष रूप से बिहार के बहादुर अपने नौजवान दोस्तों पर गर्व है. मुझे विश्वास है आप बिहार को बदनाम नहीं होने देंगे और उपद्रव तथा अशांति फैलानेवाले तत्वों पर एक सैनिक की तरह नज़र रखेंगे.

बिहार के सभी पुलिस अधीक्षकों, जिलाधिकारियों, पुलिस उपमहानिरीक्षकों और पुलिस महानिरीक्षकों आदि पदाधिकारियों को ठीक से समझा दिया गया है कि उन्हें क्या करना है और उपद्रवी तत्वों से कैसे निबटना है. मैं पुनः आप सभी बिहारवासियों को आदर सहित प्रणाम करते हुए बिहार में मतगणना के दौरान और उसके बाद विधि व्यवस्था संधारण में सहयोग देने की अपील करता हूँ.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.