MUZAFFARPUR : जिले में एस-ड्राइव के तहत शातिर लुटेरे समेत 52 गिरफ्तार, अष्टधातु की मूर्ति, शराब-हथियार बरामद

MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कवायद तेज कर दी है. पुलिस महानिरीक्षक नैय्यर हसनैन खान के निर्देश पर चलाये गये समकालीन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बता दें कि जिले में बढ़ते अपराध के नियंत्रण को लेकर वरीय अधिकारियों के दिशा निर्देश पर जिला स्तरीय समकालीन अभियान चलाया जा रहा है. जिसके तहत मंगलवार की रात जिले में चलाये गये छापेमारी अभियान में पुलिस को 52 अपराधियों की गिरफ्तारी करने में सफलता मिली है, जिसमें 32 को जेल भेज दिया गया है. जिसमें 13 लोगों को शराब के नशे में होने की पुष्टि की गयी है. वहीं 19 वारंटों का निष्पादन भी किया गया है.

पुलिस महानिरीक्षक नैय्यर हसनैन खान के दिशा निर्देश पर बीती मंगलवार की रात नगर पुलिस अधीक्षक, सभी पुलिस उपाधीक्षकों,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में थानाध्यक्षों के साथ टीम गठित कर जिले भर में एस ड्राइव (विशेष समकालीन अभियान) चलाया गया.
इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार बताया की बरुराज थाना क्षेत्र के बिदुरिया मोड़ के पास छापेमारी कर असलहों के साथ लूट की योजना बनाते तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर इलाके में घटित कई लूट की घटनाओं का उद्भेदन किया गया है. साहेबगंज थाना क्षेत्र के राजेपुर निवासी नितिन कुमार उर्फ़ रोबिन सिंह, बरुराज थानांतर्गत मीनापुर निवासी मो. इमाम और साहेबगंज थाना क्षेत्र के बल्थी निवासी अमरेंद्र कुमार को एक पिस्टल, दो देशी कट्टा और 08 राउंड जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया गया है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास खंगाल रही है. गिरफ्तार आरोपियों की इलाके के कई लूट की घटनाओं में संलिप्तता बताई जाती है.
कुढ़नी थाना द्वारा वाहन जांच सह तलाशी के दौरान थाना क्षेत्र के बसौली निवासी पिंटू कुमार के पास से एक राउंड जिन्दा कारतूस बरामद किया गया. जिले के कथैया थाना क्षेत्र के नवलपुर मठ से बीते 5 महीने पूर्व चोरी हुई बेशकीमती अष्टधातु मूर्ति को बरामद किया गया. सकरा पुलिस ने नवलपुर मठ से चोरी हुई सीता जी की मूर्ति को अपने कब्जे में ले कथैया थाना पुलिस को सौंप दिया गया.
इधर मुशहरी थाना पुलिस ने शराब कारोबारी के ठिकाने पर छापेमारी कर 72 बोतल अवैध विदेशी शराब जप्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर रही है. वहीं मोतीपुर थाना पुलिस ने भवानीडीह निवासी रामनाथ राय और वीर लाखन राय को 175 लीटर अवैध स्पिरिट और एक कार के साथ गिरफ्तार कर लिया. मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया की वाहन जांच के दौरान जुर्माने के रूप में 68 हजार 200 रूपए वसूले गए हैं और अजमानतीय 19 वारंटों का निष्पादन किया गया.
पुलिस ने समकालीन अभियान के तहत की गई छापेमारी में 52 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिसमें 13 लोगों को शराब के नशे में होने की पुष्टि की गयी है. मंगलवार रात पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान एक पिस्टल, 02 देशी कट्टा, 09 राउंड जिन्दा कारतूस, 01 कार, अष्टधातु की एक मूर्ति, 29.640 लीटर अवैध विदेशी शराब, 175 लीटर स्पिरिट, 05 लीटर देशी शराब, 03 गैलन, 05 पानी का डब्बा, 01 गैस सिलिंडर। 01 गैस चूल्हा, 100 खाली शराब की बोतल को जब्त किया गया और वाहन जांच के दौरान जुर्माने के रूप में 68 हजार 200 रूपए वसूले गए.
वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के द्वारा जिले के सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय अपराधियों व फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर स्पष्ट आदेश दिया गया है और विशेष समकालीन अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.