प्रचंड जीत के बाद आडवाणी के घर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह, आज हो सकती है संसदीय दल की बैठक

17वीं लोकसभा चुनाव में मतदाताओं ने प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में देश की बागडोर सौंपी है। जीत के बाद वह पहली ऐसी गैर-कांग्रेसी पार्टी बनी है जिसने लगातार दूसरी बार प्रचंड बहुमत से जीत हासिल की है। जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी के घर पहुंचे हैं। इसके बाद वह मुरली मनोहर जोशी के घर जाएंगे।

माना जा रहा है कि शुक्रवार को भाजपा के संसदीय दल की बैठक हो सकती है। जिसमें नए सरकार के गठन और मंत्रीमंडल में शामिल होने वाले नेताओं के नामों पर चर्चा होगी। सभी विजेता सांसदों को 25 मई तक भाजपा मुख्यालय आने के निर्देश दिए गए हैं। खबरें हैं कि इस बार मंत्रिमंडल में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कंधों पर नई जिम्मेदारी दी जा सकती है।

खबरों के अनुसार 30 मई को नई सरकार पथ ले सकती है। शाम के चार से पांच बजे के बीच शपथग्रहण समारोह होगा।

दोबारा प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने से पहले प्रधानमंत्री वाराणसी और गुजरात के लोगों का आशीर्वाद लेने के लिए जा सकते हैं।

वहीं गुरुवार शाम को जीत के बाद भाजपा मुख्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 हजार कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘पूरे विश्व की ये सबसे बड़ी घटना है, देश आजाद हुआ, कितने लोकसभा के चुनाव हुए, सबसे अधिक मतदान इस चुनाव में हुआ। वो भी 40-42 डिग्री गर्मी के बीच में। 2019 लोकसभा के चुनाव में हम सब देशवासियों के पास नए भारत के लिए जनादेश लेने गए थे। आज हम देख रहे हैं कि देश के कोटि-कोटि नागरिकों ने इस फकीर की झोली को भर दिया है।’

इससे पहले अमित शाह ने जीत मिलने पर देश का धन्यवाद करते हुए कहा, ;पीएम मोदीजी के नेतृत्व पर अपार विश्वास के लिए करोड़ों कार्यकर्ताओं और 125 करोड़ जनता का धन्यवाद करता हूं। आज देश के अंदर आजादी के बाद सबसे ऐतिहासिक विजय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा को प्राप्त हुई है। ये हम सबके लिए गौरव की बात है। कई मायने में यह जीत ऐतिहासिक है, देश में 50 साल बाद पहली बार कोई पूर्ण बहुमत से शासन करने वाला प्रधानमंत्री आया है।’

                 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.