चार नए जजों ने ली सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश की शपथ

सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के रूप में न्यायमूर्ति बी. आर. गवई, न्यायमूर्ति सूर्य कांत, न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस और न्यायमूर्ति ए. एस. बोपन्ना ने शपथ ली है। चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने शुक्रवार को कोर्ट संख्या-1 में चारों न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई। इन चारों न्यायाधीशों के शपथ लेने के साथ ही अब शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या 31 हो गई है। न्यायालय में न्यायाधीश के रिक्त पदों की पूर्ति हो गई है। अब अदालत में कोई पद खाली नहीं है। शपथ के दौरान शीर्ष अदालत के अन्य न्यायाधीश भी मौजूद थे।

वर्ष 2008 के बाद यह पहली बार है जब शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या मंजूर पदों के बराबर हुई है। इससे पहले 2008 में न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या 26 थी जिसको बढ़ाकर 31 कर दिया गया था।

शपथ लेने से पहले तक प्रधान न्यायाधीश सहित 27 न्यायाधीश शीर्ष अदालत में कामकाज संभाल रहे हैं। बुधवार को, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने न्यायमूर्ति गवई, सूर्यकांत, बोस और बोपन्ना की शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति का वारंट जारी किया था।

                    

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.