‘मीटू’ मुहिम के बाद अब पुरुषों के लिए ‘मेनटू’ अभियान ने पकड़ा जोर, दुष्कर्म के झूठे आरोप लगाकर रुपये ऐंठने के कई मामले आए सामने

महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण के खिलाफ दुनियाभर में चली ‘मीटू’ मुहिम के बाद अब पुरुषों के लिए ‘मेनटू’ अभियान जोर पकड़ने लगा है। जानी-मानी समाज सेविका बरखा त्रेहन द्वारा पुरुष आयोग की मांग के लिए 19 मई को इंडिया गेट और राजपथ के बीच शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किए जाने के बाद उन्होंने एक ट्वीट किया। बरखा ने ट्विटर पर बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता के लिए खुला खत लिखा। जिसमें उन्होंने तनुश्री को मीटू और मेनटू को लेकर खुली बहस की चुनौती दी। बता दें कि निर्भया केस में आरोपियों को जल्द सजा होने के बाद देशभर में छेड़छाड़ और दुष्कर्म को लेकर पुरुषों को झूठा फंसाए जाने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। दुष्कर्म के झूठे आरोप लगाकर रुपये ऐंठने के कई मामले भी सामने आए हैं।

गौरतलब है कि 19 मई को इंडिया गेट और राजपथ के बीच मेनटू आंदोलन के समर्थकों द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। बरखा ने अपने एनजीओ के सदस्यों के साथ देश में बलात्कार के झूठे आरोपों के पीड़ितों के लिए न्याय की मांग के लिए ये प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में “मैं एक आदमी हूं और मुझे सम्मान के साथ जीने का अधिकार है” और “अपराध का कोई रूप नहीं है” की तख्तियां देखने को मिलीं। प्रदर्शन में शामिल पीड़ित और उनके परिवार वालों ने पुरुष आयोग के गठन की मांग की।

इंडिया गेट पर दो प्रदर्शन करने के बाद बरखा ने देशभर में इस मुहिम को ले जाने का निर्णय लिया है। बरखा ने कहा कि अब हम इस मुहिम को मुंबई ले जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि हम लोगों से अभिनेता करण ओबेरॉय के समर्थन में आने की अपील करेंगे जिनकी जमानत हाल ही में रद्द कर दी गई थी। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने टीवी अभिनेता करण ओबेरॉय का मुखौटा भी पहना हुआ था। बरखा ने कहा कि जो आज करण के साथ हुआ है, कल यह आपके या आपके पिता, भाई, बेटे और प्रियजनों के साथ हो सकता है। इसलिए बाहर आएं और मेनटू आंदोलन का समर्थन करें।

                 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.