
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : जिले में बढ़ते अपराध से नाराज़ जोनल आईजी के निर्देश पर पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में डीआईजी रविंद्र कुमार सिंह ने वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार की मौजूदगी में सभी पुलिस उपाधीक्षकों और थानाध्यक्षों से आपराधिक घटनाओं खासकर लूट मामलों के एक-एक प्रकरण की जानकारी ली. इसके साथ ही मामलों में पुलिस उपाधीक्षकों के पर्यवेक्षण रिपोर्ट और अब तक हुई कार्रवाई की गहन समीक्षा भी की. बैठक ने दौरान पुलिस उपाधीक्षक नगर मुकुल रंजन समेत शहरी थाना के सभी थानाध्यक्ष शामिल थे.

उन्होंने थानाध्यक्षों को निष्पक्ष होकर काम करने और अपराध और अपराधी पर लगाम लगाने और अपराध नियंत्रण में सक्रिय रहने की बात कही. बैठक के दौरान शहर में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ ही अपराधियों की धरपकड़ को लेकर चर्चा की गई. अपराध को रोकने में पुलिस कहां पर नाकाम साबित हो रही है, इस संबंध में भी बैठक के दौरान चर्चा की गई. डीआईजी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को आपराधिक घटनाओं पर शिकंजा कसने के लिए रणनीति के तहत विशेष कार्य योजना बनाने के भी दिशा निर्देश दिए.

पुलिस उपमहानिरीक्षक ने चेतावनी भरे लहजे में कड़े शब्दों में कहा की लूट की घटनाएं होने पर सम्बंधित थानाध्यक्ष जिम्मेवार होंगे, और क्राइम कंट्रोल में विफल पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई के साथ ही निलंबन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी. उन्होंने थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रो में अपराधियों को चिन्हित कर विशेष छापेमारी अभियान चला कर गिरफ्तार करने के साथ ही लूट की घटनाओं का उद्भेदन करने के निर्देश दिए हैं. सभी पुलिस उपाधीक्षकों को उनके क्षेत्रों की गश्ती के औचक निरीक्षण के साथ ही लंबित सभी मामलों के जल्द से जल्द निपटारे के आदेश दिए. क्षेत्राधिकारियों को पर्यवेक्षण में एसआर केस को जल्द निस्तारित कराने के आदेश दिए. उन्होंने उपस्थित पुलिस उपाधीक्षकों और थानाध्यक्षों को उनके सम्बंधित क्षेत्र में माइक्रोफिनांस, सीएसपी संचालकों, बैंकों और व्यवसायी वर्ग के व्यक्तियों को कैश लाने-ले जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराने के निर्देश दिए. वरीय पुलिस अधीक्षक को क्यूआरटी टीम के मूवमेंट पर नज़र रखने के साथ ही व्यावसायिक इलाकों में सघन बाइक गश्ती करने के निदेश भी दिए.

इसके साथ ही पुलिस उपमहानिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने पुलिस पदाधिकारियों को कई टास्क दिये जिसे हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस बार सदर समेत दो थानाध्यक्षों की कार्यशैली से डीआईजी खासे नाराज हैं. उन्होंने जल्द ही दोनों को सुधार करने की चेतावनी दी है. सभी थानाध्यक्षों से इलाके में अपराधिक गतिविधियों को रोकने व लंबित मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिए गए, साथ ही सभी थानाध्यक्षों से गुंडा पंजी को अद्यतन करने को कहा गया है.

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने डीआईजी को बताया की अपराध नियंत्रण व कैश लूट घटना की पुनरावृत्ति की रोकथाम हेतु पिस्टल और कार्बाइन जैसे अत्याधुनिक हथियारों से लैस 16 पुलिस पदाधिकारियों को शहर के व्यावसायिक इलाकों में बाइक गश्ती हेतु प्रतिनियुक्ति की गयी है. अभी इनकी संख्या 16 है, जो आगे बढ़ाई जा सकती है. एक बाइक पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है जो जिले के व्यावसायिक इलाकों में बैंक समयानुसार गश्त करते हुए अराजक तत्वों और संदिग्धों पर नज़र रखते हुए कार्रवाई करेंगे. इसके साथ ही कैश लेन-देन के दौरान व्यवसायियों को अनुरक्षण करेंगे.

विदित हो की बीते शुक्रवार को सदर थाना इलाके में घटित लूट की घटना पर बिफरे जोनल आईजी ने डीआईजी को एसएसपी समेत जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों के क्षेत्राधीन थाना प्रभारियों के साथ अलग-अलग अपराध समीक्षा बैठक कर लूट की घटनाओं और मामलों में अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षोपरांत अपराध नियंत्रण में ढीला ढाला रवैया अपनाने वाले पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही थी. सभी थानाध्यक्षों को उनके इलाके में घटित आपराधिक घटनाओं खासकर कैश लूट से सम्बंधित घटनाओं से सम्बंधित विस्तृत विवरणी ही प्रगति रिपोर्ट भी तलब की गयी थी.
