
MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : आपराधिक घटनाओं पर नकेल कसने हेतु जोनल आईजी के दिशा-निर्देशानुसार चलाये जा रहे एस ड्राइव के तहत पुलिस को कई सफलताएं हासिल हुई है. इस दौरान बीते शुक्रवार को समकालीन अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद के नेतृत्व में मोतीपुर, कथैया, पारु, साहेबगंज, काँटी थानाध्यक्षों के साथ सम्बंधित इलाकों में अपराधियों की धर-पकड़ हेतु अभियान चलाया गया. डीएसपी पश्चिमी के नेतृत्व में चलाये गए अभियान के तहत कथैया थाना क्षेत्र से 04 शातिर लुटेरों को हथियार के साथ गिरफ़्तार किया गया. गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही के आधार पर 03 अन्य अपराधियों को हथियार और लूट के कई सामानों के साथ गिरफ्तार करते हुए लूट के कई मामलों का खुलासा किया गया.

इस सम्बन्ध में एसएसपी मनोज कुमार ने बताया की डीएसपी पश्चिमी कृष्ण मुरारी प्रसाद को सूचना मिली की जसौली टोले इमिलिया स्कूल परिसर में कुछ अपराधी हथियार के साथ अपराध की घटना को अंजाम देने की फ़िराक में हैं. सुचना मिलते ही तत्क्षण कथैया पुलिस के साथ 04 शातिर लुटेरों को हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार लुटेरों की निशानदेही पर मौके से फरार हुए उसके 3 अन्य साथियों को गिरफ्तार करते हुए हथियार और लूट के सामानों को बरामद कर लिया. बताया जाता है की गिरफ्तार आरोपी विभूति अपने सहयोगियों के साथ एक लूट की घटना को अंजाम देने के लिए अपनी अपाचे मोटरसाइकिल से किसी का पीछा करने जा ही रहा था इसी बीच पुलिस ने उसे दबोच लिया. इस दौरान उसके साथी भागने में कामयाब रहे.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कथैया निवासी विभूति पासवान, अंकुर कुमार, छोटेलाल सहनी, कथैया के सेंटर चौक परोहा निवासी विकास कुमार शर्मा, पारु थानांतर्गत रघुनाथपुर निवासी उज्जवल कुमार, सरैया थाना क्षेत्र के जैतपुर ओपी के कुइया निवासी विक्रम उर्फ़ प्रवीण कुमार चौधरी और देवेंद्र कुमार के रूप में की गई है. गिरफ्तार विभूति पासवान गिरोह का सरगना बताया जाता है. गिरफ्तार लुटेरों के पास से 7.65 बोर का एक पिस्टल, 7.65 बोर का 09 राउंड ज़िंदा कारतूस, 315 बोर का एक ज़िंदा कारतूस, 3 मोटरसाइकिल, 02 चार्जर, एक मैगज़ीन, 01 देशी कट्टा, लोहे का एक फाइटर पंच और 06 मोबाइल सेट बरामद किया गया.

बताया जाता है की पारु क्षेत्र के रघुनाथपुर में एक ऑनलइन शॉपिंग कंपनी के कर्मचारी से लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया है. विदित को की पारू थाना के रघुनाथपुर गांव में नहर की पुलिया के समीप पिस्टल के बल पर कार्यालय से सामान की डिलीवरी करने रघुनाथपुर से लालूछपरा गांव जा रहे एक ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के कर्मचारी अजीत कुमार सिंह से आठ मोबाइल, बैग, बाइक की चाबी, पर्स, चार हजार रुपये, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, अन्य कागजात सहित समेत एक लाख का माल लूटकर फरार हो गए थे. शातिर लुटेरा विभूति पासवान समेत गिरफ्तार 7 अपराधियों ने लूट के कई मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है. गिरफ्तार लुटेरों के खिलाफ मोतीपुर, पारु, सरैया और कथैया में लूट, आर्म्स एक्ट, मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामले दर्ज है, जिसमें विभूति पासवान द्वारा पुलिस कार्रवाई के दौरान मोतीपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष कुमार अमिताभ पर गोली चलाने का भी आरोप है.

