MUZAFFARPUR (ARUN KUMAR) : बढ़ते अपराध पर संज्ञान लेते हुये तिरहुत प्रक्षेत्र के जोनल आईजी नैय्यर हसनैन खान द्वारा जिले के एसएसपी को लूट की घटनाओं पर रोकथाम लगाने हेतु रणनीति तैयार कर बाईक क्यूआरटी गठन कर क्षेत्र के अपराधियों पर कार्रवाई करने के जारी दिशा निर्देश के आलोक में एसएसपी द्वारा बाईक सवार क्यूआरटी टीम का गठन किया गया है.

आईजी द्वारा जारी दिशा निर्देश के आलोक में आज शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने अपराध नियंत्रण व कैश लूट घटना की पुनरावृत्ति की रोकथाम हेतु पिस्टल और कार्बाइन जैसे अत्याधुनिक हथियारों से लैस पुलिस पदाधिकारियों को शामिल कर शहर के व्यावसायिक इलाकों में बाइक गश्ती हेतु 16 टीम की प्रतिनियुक्ति की गयी है. अभी इनकी संख्या 16 है, जो आगे बढ़ाई जा सकती है.

एसएसपी ने बताया कि एक बाइक पर एक पिस्टल और एक कारबाईनधारी दो पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है जो जिले के व्यावसायिक इलाकों यथा बैंकों-एटीएम व उसके आसपास में बैंक समयानुसार गश्त करते हुए अराजक तत्वों और संदिग्धों पर नज़र रखते हुए कार्रवाई करेंगे और जांच करेंगे. गठित मोटरसाइकिल क्यूआरटी टीम फिनांसकर्मी, व्यवसायियों और बैंकों के माध्यम से छोटे-मोटे कैश लेन-देन के दौरान अनुरक्षण करेंगे.

उन्होंने कहा कि 8 जोडो़ं में गठित बाईक क्यूआरटी टीम के नेतृत्व की कमान संबंधित एसडीपीओ के हाथों में होगी जो जिले के विभिन्न इलाकों में व्यवसायिक समयावधि में गश्ती और जाँच करेंगे.
उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया कि जिला प्रशासन द्वारा थानों की गश्ती और कैश लेन-देन करने वाले सुरक्षा के अतिरिक्त क्यूआरटी टीम की व्यवस्था की गई है, अत: थानेदार ये न समझें कि गठित मोटरसाइकिल क्यूआरटी टीम को ही कैश लेन-देन मामलों के सुरक्षा की संपूर्ण जिम्मेवारी सौंप दी गई है. जोनल आईजी के आदेशानुसार शनिवार से गठित मोटरसाइकिल क्यूआरटी टीम जिले में कार्यान्वित हो इलाकों में गतिशील है.
