एयर इंडिया के विमान एआई772 को बंगलूरू एयरपोर्ट से सोमवार सुबह 11.40 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरनी थी। विमान उड़ान भरने के लिए तैयार खड़ा था। इसी दौरान विमान के कैप्टन ने खाना खाने के बाद एक केबिन क्रू मेंबर को अपना टिफिन साफ करने का आदेश दिया।
क्रू मेंबर के मना करने पर दोनों में कहासुनी शुरू हुई, जो बड़े झगड़े में बदल गई। क्रू स्टाफ के अन्य सदस्यों ने इसकी सूचना एयर इंडिया के आला अधिकारियों को दी। इसके बाद आपस में झगड़ रहे पायलट और क्रू मेंबर को विमान से नीचे उतार दिया गया। नया स्टाफ आने पर विमान करीब 2 घंटे की देरी से कोलकाता के लिए उड़ान भर पाया।

राष्ट्रीय एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सोमवार की घटना को गंभीरता से लिया गया है। हम जल्दी ही पायलटों को अपने घर से विमान में खाना नहीं लाने के लिए कहेंगे।
उन्होंने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी पर खाना लाने वाले पायलटों व क्रू मेंबर को प्रतिबंधित किया जाएगा।
