AK-47 मामला : जांच के लिए मुंगेर पहुँची एनआईए की टीम

MUNGER : AK-47 मामले की जांच के लिए एनआईए की टीम रविवार को मुंगेर पहुंची। जांच टीम का नेतृत्व डीएसपी एन के मालवीय कर रहे हैं। इस मामले में हुए सभी एफआईआर की रिपोर्ट लेने के बाद जांच की विधिवत शुरुआत होगी। मुंगेर के बरदह गांव में बड़ी संख्या में राइफल मिलने के बाद बिहार सरकार ने इस मामले की जांच एनआईए से कराने के लिए केन्द्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखा था। इसके बाद केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले की जांच एनआईए को सौंप दी थी। अब इस जांच के लिए की टीम मुंगेर पहुंच चुकी है।

29 अगस्त 2018 को जमालपुर के जुबली वेल चौक के पास पुलिस ने मो. इमरान को तीन AK-47 राइफल के साथ गिरप्तार किया था। फिर इमरान की निशानदेही पर पुलिस ने मो. शमशेर आलम और इमरान की बहन रिजवाना को बरहद गांव से 3 AK-47 के साथ गिरफ्तार किया गया था। तीनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि जबलपुर के ऑर्डिनेंस डिपो से करीब 70 AK-47 की तस्करी की गयी है। इस मामले में जबलपुर ऑर्डिनेंस डिपो के सीनियर स्टोरकीपर सुरेश ठाकुर का नाम सामने आया था। सुरेश ठाकुर, पुरुषोत्तम लाल रजक और उसका पुत्र शिवेन्द्र इस तस्करी के सूत्रधार थे।


इसके बाद मुंगेर में AK-47 की तलाश के लिए लगातार छापा मारा गया इस क्रम में मुंगेर के बरदह गांव के एक कुएं से 12 AK- 47 बरामद किये गये थे। मुंगेर पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनको पुलिस रिमांड पर भी लिया गया था। पुलिस रिमांड पर लिए गए मंजर आलम उर्फ मंजी ने बताया है कि शमशेर से 22 एके-47 लिए गये थे। जिसमें से 20 एके-47 कई अपराधियों को सप्लाई की गयी है। दो एके-47 पुलिस ने बरामद कर लिये हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.