HAJIPUR : साहसी युवती ने की रेलवे स्टेशन पर मनचलों की जमकर धुनाई

HAJIPUR, PATNA : बिहार के हाजीपुर जंक्शन पर अजीबोगरीब वाकया देखने को मिला। एक लड़की मनचलों की धुनाई कर रही थी और आसपास लोग तमाशबीनों की तरह खड़े थे। मार खा रहे लड़के अपना बचाव नहीं कर रहे थे, यह ताज्जुब वाली बात थी। जल्द ही पता चल जाता है कि आखिर लड़के विरोध क्यों नहीं कर रहे थे ? दरअसल लड़कों की धुनाई कर रही वो लड़की कोई साधारण लड़की नहीं थी बल्कि पुलिस की जवान थी। जल्द ही मौके पर पुलिस भी आ जाती है और मनचलों को पकड़कर थाना ले जाती है।

दरअसल छेड़खानी करनेवाले बदमाशों को यह तनिक भी भान नहीं था कि वो जिस लड़की को छेड़ रहे हैं वो कोई साधारण लड़की नहीं बल्कि पुलिस की जवान निकल सकती है। उसने पुलिसिया अंदाज में मनचलों की अच्छी-खासी खातिरदारी कर डाली। दोनों युवकों के ऊपर आशिकी का जो भूत सवार था, वो देखते-ही-देखते उतर गया।
मामला बीती रात का है जहां सादी वर्दी में घूम रही एक महिला सिपाही से दो यात्रियों ने छेड़खानी कर दी जिसके बाद महिला सिपाही ने दोनों को पकड़ कर सरेआम पीटना शुरू कर दिया। महिला सिपाही ने दोनों को हिदायत भी दी कि अपनी मां-बहनों की तरह ही दूसरे की मां-बहनों का इज्जत करना भी सीखो।
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में जगह-जगह खासकर स्टेशन आदि जगहों पर महिला सिपाहियों की नियुक्ति की गयी है ताकि छेड़खानी जैसी घटना पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.