कपिल देव की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच पद पर बरकरार रखा है। कपिल देव ने हालांकि इस बात से साफ मना कर दिया कि इस मसले पर विराट कोहली से राय ली गई है। उन्होंने कहा, “कोहली से हमने राय नहीं ली। अगर हम उनकी राय लेते तो हम पूरी टीम की भी राय लेते।”

शुरुआत से ही ऐसी अटकलें थीं कि रवि शास्त्री इस पद पर बने रहेंगे। विंडीज दौरे पर जाने से पहले टीम के कप्तान विराट कोहली ने भी शास्त्री का समर्थन किया था। शास्त्री के नेतृत्व में टीम ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में 71 साल बाद टेस्ट सीरीज जीती थी। इंग्लैंड में खेले गए विश्व कप में भी टीम ने सेमीफाइनल का सफर तय किया था। ऐसे में खबरें आ रही थीं कि कोच के लिए कप्तान विराट कोहली से भी राय ली जाएगी।

सीएसी के चेयरमैन कपिल देव ने कहा, “नंबर तीन पर ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर टॉम मूडी थे और नंबर दो पर न्यूजीलैंड के माइक हेसन। आपने जैसी उम्मीद लगाई थी रवि शास्त्री नंबर एक रहे। लेकिन यह काफी करीबी मुकाबला था।” उन्होंने कहा, “हम तीनों ने आमसहमति से फैसला किया है कि रवि शास्त्री भारतीय टीम के मुख्य कोच पद पर बने रहेंगे।”

कपिल ने कहा, “तीनों के बीच काफी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा थी और शास्त्री काफी करीबी अंकों से आगे रहे। हमने चुनाव करते हुए कोचिंग स्किल्स, उनके अनुभव, खेल की जानकारी, उपलब्धियां और जो भी हमें पैरामीटर दिए गए थे उनको ध्यान में रखा। हमने उनके प्रेजेंटेशन को ध्यान से सुना और उनको सुनने के बाद उनको अंक दिए।”