#VARANASI #UP #INDIA : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार की शाम करीब पौने छह बजे काशी पहुंच गए। वह सर्किट हाउस में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही शहर में चल रही परियोजनाओं का हाल जानेंगे। बाबा विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद रात्रि विश्राम भी काशी में ही करेंगे। शुक्रवार की सुबह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री गोरखपुर से शाम करीब पौने छह बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचे। यहां आला अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनकी आगवानी की। पुलिस लाइन से वह सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के साथ बैठक के साथ ही विभिन्न वर्गों के नेताओं से मुलाकात करेंगे।

सीएम योगी अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पहले विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव जाएंगे। उसके बाद देर रात विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने निकलेंगे। वह सिगरा में निर्मांणाधीन कन्वेंशन सेंटर, चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर, बीएचयू में बन रहे सुपरस्पेशलिटी हास्पिटल और वैदिक विज्ञान केंद्र का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। सुबह करीब दस बजे पुलिस लाइन हेलिपैड से लखनऊ रवाना हो जाएंगे।