#UTTARAKHAND #INDIA : गढ़वाल मंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में पैदा होने वाले प्लास्टिक कूड़े की रिसाइक्लिंग का प्लांट हरिद्वार में लगाया जाएगा। आगामी दो अक्तूबर को इसका शिलान्यास होगा। मंगलवार को पंचायतीराज निदेशालय में स्टेट पंचायत रिसोर्स ट्रेनिंग सेंटर भवन के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सीएम त्रिवेंद्र रावत ने बताया कि प्लास्टिक कूड़ा का निस्तारण बहुत बड़ी चुनौती बन गई है। खासकर सिंगल यूज प्लास्टिक से कई तरह की दिक्कतें पेश आ रही हैं। प्रधानमंत्री ने भी प्लास्टिक कूड़ा को लेकर चिंता जाहिर करते हुए, इसके खिलाफ अभियान की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में आगामी दो अक्तूबर को प्लास्टिक कूड़ा निस्तारण प्लांट का शिलान्यास होगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने 3.30 करोड़ रुपए देने पर सहमति जता दी है। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लड़ने के लिए दो बच्चों की शर्त शामिल करने पर सबको सहयोग करना चाहिए।

कांग्रेस के विरोध के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण की पहल इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री काल में हुई थी, भाजपा सरकार ने इसे आगे बढ़ाया है। यह नियम भाजपा कांग्रेस सब पर समान रूप से लागू होगा। पंचायतीराज मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों के लिए शैक्षिक योग्यता तय किए जाने से पंचायतों के काम काज में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज एक्ट में संशोधन पर उन्हें विरोध भी सहना पड़़ा, लेकिन पंचायतों के हक में सरकार ने यह अहम कदम उठाया है। इस मौके पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, निदेशक पंचायतीराज हरिचंद सेमवाल, एमडी ब्रिडकुल मनोज सेमवाल, दर्जाधारी शमशेर सत्याल, भाजपा नेता शमशेर सिंह पुंडीर, राजेश शर्मा शामिल हुए।
