#BIHAR #INDIA : राजद उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह के शनिवार को मीडिया में दिए बयान पर सूबे की सियासत गर’मा गई। हालांकि उनके इस बयान को कि जदयू को महागठबंधन में लाने की बात चल रही है, का उनके ही दल के नेता तेजस्वी यादव ने गलत करार दे दिया। उधर, जदयू के प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने भी रघुवंश के बयान को खारिज कर दिया। कहा कि इसमें कोई दम नहीं है। इसके बाद, दिन में मीडिया में दिए अपने ही बयान से देर शाम यू टर्न लेते हुए रघुवंश बाबू ने कहा कि जब तक जदयू भाजपा से अलग नहीं होगा, नीतीश कुमार को महागठबंधन में आने का न्योता कैसे देंगे।

राजद उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा है कि गैरभाजपा दलों को एकजुट करना है। नीतीश कुमार भी अगर भाजपा का साथ छोड़ें तो महागठबंधन में आ सकते हैं। आरोप लगाया कि भाजपा उनको फिनिश करना चाहती है। हालांकि इसके पहले दिन में उन्होंने मीडिया से बात में कहा था कि महागठबंधन में जदयू को लाने की बात चल रही है। उनके इस बयान पर कई राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया भी आने लगी। लेकिन देर शाम उन्होंने इस बात से इनकार किया और कहा कि जबतक भाजपा छोड़ेंगे नहीं तो नीतीश कुमार को पहले ही न्योता कैसे देंगे।

कहा कि हमारी लड़ाई भाजपा से है। अगर एनडीए से कुछ दल हटेंगे तो वह कमजोर होगी। ऐसे में वहां से हटने वाले दल को जोड़कर हम मजबूत होंगे। भाजपा ऐसी पार्टी नहीं है कि उसके नेता बिना सोचे समझे बोलेंे। संजय पासवान एनडीए नेतृत्व पर बयान देते हैं और सीपी ठाकुर समर्थन करते हैं। भाजपा इन्हें बोलवा रही है।

