#JAMSHEDPUR : #OLX पर बेच रहा था बच्चा, हुआ खुलासा

#JAMSHEDPUR #JHARKHAND : ओएलएक्स पर बच्चा बेचने के मामले में एक नया खुलासा हुआ है। जिस अजीत राज का नाम और नंबर ओएलएक्स पर बच्चे के बेचने वालों में दिया गया है, उसका कहना है कि उसकी उम्र 18 साल है और वह अविवाहित है। उसका कोई बच्चा नहीं है। ऐसे में वह कैसे किसी बच्चे को बेचेगा। वह खुद सुबह से लगातार आ रहे फोन से परेशान है। शाम में उसे पता चला कि ऐसी कुछ बात प्रकाश में आई है।

उसने कहा कि वह भुइयांडीह के छायानगर का निवासी है और उसके पिता गोलगप्पा बेचते हैं। वह अरका जैन यूनिवर्सिटी से डिप्लोमा कर रहा है। उसके एक बड़े भैया हैं, जो टीवी मैकेनिक है। उसकी एक बहन है जो पढ़ाई कर रही है। अजीत की मां गीता देवी ने कहा कि उनके बड़े बेटे की पत्नी को 15 दिन पहले मर्सी अस्पताल में बेटी हुई है। वह पूरी तरह से स्वस्थ्य है। किसी बीमारी का सवाल ही नहीं उठता।

उसे गुरुवार से लगातार फोन आ रहे हैं। बच्चे के बारे में पूछ रहे थे। लेकिन कोई कॉल क्यों कर रहा है इसका उसे पता नही। शुक्रवार को सुबह से करीब 18 कॉल उसके पास आए, लेकिन किसी ने यह नहीं बताया कि उसका नाम या नंबर किसी साइट पर दिया है। शाम में पता चला कि यह बात समाचार पत्रों में आई है और ओएलएक्स पर उसका नंबर दिया गया है। उसने बताया कि आज तक उसने कभी भी ओएलएक्स का इस्तेमाल नहीं किया। हां, काफी दिनों से वह एंड्रॉयड फोन जरूर चलाता है। उसका कोई ऐसा दोस्त भी नहीं है, जो उसे इस तरह से बदनाम करने के लिए पोस्ट करे।

अजीत राज की भाभी ने कहा कि भगवान की कृपा से उनका घर परिवार ठीक से चल रहा है तो किसी बच्चे को बेचने की बात कहां से आती है। यह कहीं न कहीं गहरी साजिश है और इससे लेकर सभी लोग डरे हुए हैं। मां ने बताया कि अजीत कुछ दिनों से बीमार है और इस तरह किसी की बदमाशी से परेशान भी है।जमशेदपुर एसएसपी अनूप बिरथरे ने कहा, “इस मामले में कुछ भी नहीं कहना है। कल एक शिकायत आयी थी, जिसे साइबर सेल को जांच के लिए दे दिया गया। कोई बदमाशी कर सकता है या फिर साइबर अपराधी भी इसमें शामिल हो सकते हैं। जांच के बाद ही कुछ सामने आएगा।”

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.