#PATNA #BIHAR #INDIA : इस दिवाली चाइनिज लाइट और प्लास्टिक से बने सजावटी सामानों को ना कहें और स्वदेशी अपनाएं। चाइनिज लाइट के बदले मिट्टी के दीये से अपने घर को सजाएं। इससे पर्यावरण की सुरक्षा होगी ही, साथ ही कई लोगों को रोजगार भी मिलेगा। ये बातें पूर्व मध्य रेल के जीएम एलसी त्रिवेदी ने पटना जंक्शन पर लगे चाक के उद्घाटन अवसर पर कही।

चाक से मिट्टी का दीपक बनाकर उन्होंने स्वदेशी अपनाओ अभियान की शुरुआत भी की। उन्होंने कहा कि इससे कई लोगों को रोजगार भी मिलेगा। स्वदेशी जागरूकता अभियान 25 अक्टूबर तक चलेगा। यहां लगे चाक से दीया, कुल्हड़ और मिट्टी के अन्य बर्तन बनेंगे। रेलयात्री न सिर्फ दीया खरीद सकेंगे, बल्कि बने दीये को पेंटिंग कर अपनी कला का प्रदर्शन भी कर सकेंगे। इससे वे स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित भी होंगे। मौके पर मौजूद सीनियर डीसीएम ने बताया कि सृजनी संस्था के कलाकारों को दीये की पेंटिंग का जिम्मा दिया गया है। यहां बने कुल्हड़ का उपयोग जंक्शन पर मौजूद टी स्टॉलों पर होगा। मौके पर एडीआरएम अरविंद कुमार रजक, सीनियर डीओएम सुजीत कुमार झा, सीपीआरओ राजेश कुमार, स्टेशन डायरेक्टर नीलेश कुमार, डीसीएम पंकज कुमार आदि मौजूद थे।

