MUZAFFARPUR बालिका गृह कांड : आज रात पटियाला के हाई सिक्यूरिटी जेल में जाएगा ब्रजेश

PATNA :   मुजफ्फरपुर बालिका गृह यौन शोषण कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर को पटियाला भेजे जाने का आदेश बुधवार को पुलिस मुख्यालय पहुंच गया। बुधवार की रात बृजेश ठाकुर को पटियाला भेजा जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। भागलपुर पुलिस हरकत में आ गई है। ब्रजेश ठाकुर अभी भागलपुर जेल में बंद है। नवगछिया से आम्रपाली एक्सप्रेस से उसे पटियाला लाया जाएगा। नवगछिया में ट्रेन का समय रात करीब 12.00 बजे है। भागलपुर से दो दारोगा, दो पार्टी आर्म्स गार्ड ब्रजेश की सुरक्षा में रहेंगे। कुल 13 लोगों का रिजर्वेशन हुआ है। जेल प्रशासन ब्रजेश को भेजने  के लिए जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी कर रहा है। इसके अलावा पुलिस लाइन में भी जवानों को तैयार कर दिया गया है।

 

सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को आदेश दिया था कि ब्रजेश ठाकुर को पंजाब के पटियाला जेल में ट्रांसफर किया जाए और वहां उसे एसपी की निगरानी में रखा जाए। इसके पहले ब्रजेश ठाकुर के वकील ने इस संबंध में जवाब के लिए दो हफ्ते की मोहलत मांगी थी लेकिन ये मांग नामंजूर हो गयी। सुप्रीम कोर्ट ने पांच दिन पहले ब्रजेश ठाकुर को बिहार से बाहर नहीं भेजे जाने पर बिहार सरकार और CBI  पर सवाल उठाया था।

इसके पहले CBI ने आरोप लगाया था कि ब्रजेश के मुजफ्फरपुर जेल में रहने से उसे जांच में दिक्कत आ रही है। CBI ने आशंका जतायी थी कि ब्रजेश का अभी भी प्रभाव है जिससे जांच प्रभावित हो सकती है। इसके बाद 10 अक्टूबर को आनन-फानन में उसे भागलपुर जेल में शिफ्ट किया गया था।

मुजफ्फरपुर बालिका गृह में लड़कियों के यौन शोषण मामले के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर की जमानत याचिका पर पटना हाई कोर्ट में सुनवाई 28 नवंबर तक के लिए टल गयी है। न्यायमूर्ति सुधीर कुमार सिंह की विशेष पीठ ने मामले पर सुनवाई करते हुए सीबीआई को  28 नवंबर तक जवाब दायर करने की मोहलत दी है। 28 नवंबर को मामले पर पुन: सुनवाई की जायेगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading