Mahindra & Mahindra ने मंगलवार को अपनी पहली BS6 गाड़ी लॉन्च की। कंपनी ने अपनी सब-4मीटर सब कॉम्पैक्ट एसयूवी Mahindra XUV300 को नए उत्सर्जन मानकों के अनुरूप लॉन्च किया है।
कंपनी ने XUV300 को 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल BS6 इंजन के साथ लॉन्च किया है। नए बीएस6 मानक अगले साल अप्रैल 2020 से लागू होने वाले हैं, लेकिन कंपनियां इससे पहले अपनी गाड़ियों को नए मानक वाले इंजनों के साथ लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं।

महिंद्रा का कहना है कि वह चरणों में अपनी गाड़ियों को बीएस6 मानकों में अपग्रेड करेगी। महिंद्रा ऑटोमोटिव सेक्टर के प्रेसीडेंट राजन वढेरा ने इस मौके पर कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि उन्होंने अपनी पहली गाड़ी को बीएस6 इंजन के साथ लॉन्च किया है। कंपनी इस कार का डीजल वेरियंट बेचती रहेगी और जैसे ही पूरे देश में बीएस6 ईंधन उपलब्ध होगा, उसके बाद बीएस6 डीजल इंजन को लॉन्च किया जाएगा।
महिंद्रा XUV300 में आने वाला नया BS6 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 5,000 आरपीएम पर 110 बीएचपी की पावर और 2,000-3,500 आरपीएम पर 200 एनएम का टॉर्क देगा। वहीं यह 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन के साथ आएगी। इसका बीएस4 मानक वाला 1.5 लीटर का डीजल इंजन 3,750 आरपीएम पर 115 बीएचपी की पावर और 1,500 से 2,500 आरपीएम पर 300 एनएम का टॉर्क देता है।
