#BIHAR #INDIA : एशिया फेम हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले का आकर्षण दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। मेले में शनिवार और रविवार में कोई अंतर नही पड़ रहा है। मेले के किसी भी चौक-चौराहे, मीना बाजारर एवं मुम्बई बाजार समेत जहां भी नजर दौड़ाइए हर ओर मेले के प्रति आमजन में गजब का उमंग एवं उत्साह देखने को मिल रहा है। क्या गंवई और क्या शहरी, सभी मेलहिया बने हुए हैं। मीना बाजार में तो केवल महिलाओं की भीड़ जमी हुई है, जबकि सेल की दुकानों पर सभी तरह के लोगों की भीड़ लगी हुई है।

कई स्थानों पर दूसरे प्रदेशों के आये व्यापारी आकर्षक कंबलों का दुकान लगाए हुए हैं। जैसा कंबल वैसा दाम। सोनपुर-हाजीपुर मुख्यमार्ग पर एवं गजग्राह चौक पर बने अनेक स्टैंड में लगे वाहनों की लंबी कतार इस बात की गवाही दे रही है कि दूर-दराज से मेले के आकर्षण में सपरिवार लोग खिचे चले आ रहे हैं। मेला समापन के मात्र सप्ताहभर का समय रह गया है। यह समापन केवल सरकारी तौर पर होता है।

इसके बाद भी लगभग एक माह तक मेले में सैकड़ों दुकानें और हजारों को भीड़ बनी रहती है। सुबह के बाद दस बजते ही मेले में दर्शकों की भीड़ जो जमनी शुरू होती है वह देर रात तक बनी रहताी है। यहां के नखास और चिड़िया बाजार मार्ग में उमड़ती भीड़ को लेकर तिल धरने की जगह नही मिल रही है।
