
BEGUSARAI : बिहार में अपराधियों ने फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. दरअसल, खबर बिहार के बेगूसराय जिले से हैं. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने निजी फाइनेंस कंपनी के सेल्समैन को निशाना बनाया है. हथियार के बल पर भीषण लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है. लूट की इस वारदात के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल है. फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
मिल रही जानकारी के मुताबिक रविवार की देर रात अपराधियों ने इस बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है. लूट की इस बड़ी घटना के बाद से लोगों में पुलिस की नाइट पेट्रोलिंक के खिलाफ गुस्सा साफ दिख रहा है. ये लूट बेगूसराय के फुलवरिया थाना क्षेत्र में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक रात को निजी फाइनेंस कंपनी का सेल्समैन पैसे लेकर के जा रहा था इसी दौरान अचानक अपराधियों ने उसपर धावा बोल दिया.
अपराधियों ने हथियार के बल पर कुल 4 लाख 80 हजार रुपये लूट लिए. घटना के बाद से ही सेल्समैन भी दहशत में है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची है. जांच में जुट गई है. फिलहाल पुलिस सेल्समैन को पूछताछ के लिए थाने ले गई है. थाने में ही उससे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.

इसके साथ ही साथ पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालने में लगी हुई है. पुलिस की तरफ से मीडिया को बताया गया है कि जल्द ही इस मामले में खुलासा कर लिया जाएगा. वहीं अपराधियों की धर पकड़ के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है. फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर से बेगूसराय में अपराधियों के आतंक की हकीकत सामने आ गई है.