भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने सोमवार को मोदी सरकार पर प्रवासी मजदूरों से रेल टिकट का किराया वसूलने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इसका किराया पीएम केयर्स फंड से दिया जाना चाहिए। उनकी प्रतिक्रिया ऐसे समय पर सामने आई है जब कई ऐसी रिपोर्ट्स हैं कि अपने गृह राज्य वापस जाने के लिए मजदूरों से यात्रा शुल्क लिया जा रहा है।

स्वामी ने ट्विटर पर लिखा, ‘यह भारत सरकार की कैसी नैतकिता है कि वह आधे भूखे प्रवासी मजदूरों से उनकी यात्रा का शुल्क वसूल कर रही है। एयर इंडिया विदेश में फंसे भारतीयों को मुफ्त में वापस लेकर आई। यदि रेलवे मजदूरों का किराया देने से मना करती है तो इसे पीएम केयर्स फंड से दिया जाना चाहिए।’
इससे पहले रेलवे ने कहा था कि वह राज्य सरकारों से श्रमिक स्पेशल ट्रेन टिकट का शुल्क ले रही है। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया था कि श्रमिक स्पेशल ट्रेनें राज्य सरकारों द्वारा पहचानी और पंजीकृत नामांकित लोगों के लिए हैं और वह किसी भी व्यक्ति को कोई टिकट जारी नहीं करेगा और न ही किसी समूह के अनुरोध पर ध्यान देगा।