कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने लॉकडाउन की वजह से विभिन्न राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों को उनके गृह राज्य वापस भेजने के लिए संचालित की जा रहीं ट्रेनों का किराया कामगारों से वसूलने को लेकर सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि एक तरफ रेल मंत्रालय पीएम केयर्स फंड में दान दे रहा है तो दूसरी तरफ मजदूरों से किराया वसूल रहा है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘एक तरफ रेलवे दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों से टिकट का भाड़ा वसूल रही है वहीं दूसरी तरफ रेल मंत्रालय पीएम केयर फंड में 151 करोड़ रुपए का चंदा दे रहा है। जरा ये गुत्थी सुलझाइए।’
बता दें कि राज्य सरकारों के अनुरोध पर रेल मंत्रालय श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है। जिसके जरिए फंसे हुए कामगारों, छात्रों, श्रद्धालुओं आदि को वापस उनके राज्य भेजा रहा है।