तिलक मैदान रोड स्थित जर्जर हो चुके मार्केट को खाली कराने को लेकर निगम प्रशासन की सख्ती को देखते हुए गुरुवार से दुकानदारों ने खुद मार्केट खाली करना शुरू कर दिया। दो दुकानदारों ने मार्केट खाली करने के बाद निगम प्रशासन को चाबी सौंप दी। 21 जून को निगम प्रशासन जर्जर मार्केट पर बुलडोजर चलाने की तैयारी में है। करीब एक साल से दुकानदार मार्केट नहीं खाली करने की बात पर अड़े थे। लेकिन, बुधवार को नगर थाने में भाजपा नेता देवीलाल समेत तीन नेताओं व तीन दुकानदारों पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दुकानदारों ने खुद से मार्केट खाली करना शुरू कर दिया।
देवीलाल समेत तीनों नेताओं पर अवैध कब्जाधारियों को भड़काने व निगम के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। निगम प्रशासन का कहना है कि जिस मार्केट को खाली करने का आदेश दिया गया है, भवन निर्माण के कार्यपालक अभियंता उस बिल्डिंग को क्षतिग्रस्त बताते हुए ध्वस्त करने का सुझाव दे चुके हैं।