मुजफ्फरपुर । एनएच से मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने के लिए कॉरिडोर का निर्माण होगा। दो लेन के कॉरिडोर की लंबाई नौ सौ मीटर होगी। इससे औद्योगिक क्षेत्र के प्लांट से फोरलेन के बीच आसानी से गाड़ियों के आवाजाही हो सकेगी।
बताया जाता है कि बियाडा (बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार) ने कॉरिडोर के लिए डीपीआर निर्माण की कवायद शुरू कर दी है। वहीं बियाडा की ओर से मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में चहारदीवारी व पिलर निर्माण कार्य किया जा रहा है।
मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र के लिए 80 फीसदी प्रस्ताव इथनॉल प्लांट के लिए आए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में प्लांट चालू होने से जिले के पश्चिमी क्षेत्र का तेजी से विकास हो सकेगा।
साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। बियाडा के कार्यकारी निदेशक एसके सिन्हा ने बताया कि मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में इथनॉल के चार प्लांट की मंजूरी दे दी है।
इसके बाद उद्यमियों की ओर से प्लांट निर्माण के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है। मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में पुल व सड़क आदि इ्रंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाएंगे। कॉरिडोर निर्माण को मंजूरी मिलने से उद्यमियों में खुशी है। सौजन्य : हिन्दुस्तान
