हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल हाजीपुर द्वारा 14 सितंबर से 24 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा-2021 का आयोजन किया। इसी कड़ी में गुरुवार को महाप्रबंधक अनुपम शर्मा की अध्यक्षता में मुख्यालय, हाजीपुर में क्षेत्रीय रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 71 वीं बैठक आयोजित की गई।
हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने पर सिग्नल विभाग को राजभाषा चलशील्ड प्रदान किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक ने राजभाषा प्रचार-प्रसार की गहन समीक्षा की और कहा कि पूर्व मध्य रेल पर राजभाषा हिंदी का प्रयोग-प्रसार संतोषप्रद है।
इसमें अधिक कार्य हिन्दी में किए जाते हैं। उनका कहना था कि पूर्व मध्य रेल ‘क’ क्षेत्र में है और क्षेत्रीय एक अहम बैठक है।
सम्मिलित होने वाले सभी सदस्यों को उन्होंने निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र में राजभाषा के कार्य पर विशेष ध्यान दें। यहां सभी लोग हिंदी जानते हैं और इसमें कोई त्रुटि या कारण मान्य नहीं होगा।
उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने संबंधित विभाग के औचक निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी 10 अक्टूबर 2021 के बाद से निरीक्षण कार्य शुरू करें। उनका कहना था कि सभी मिलजुल कर कार्य करें तो हमें आशातीत सफलता प्राप्त हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि यह बैठक जून-2021 को समाप्त तिमाही की समीक्षा करने के लिए आयोजित थी। जून, 2021 तिमाही के अनुसार मुख्यालय, हाजीपुर स्थित सिग्नल विभाग को हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए महाप्रबंधक महोदय द्वारा अंतर्विभागीय राजभाषा चलशील्ड प्रदान किया गया।

जिसे प्रधान मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर सह मुख्य राजभाषा अधिकारी राजेश कुमार ने प्राप्त किया। राजभाषा प्रयोग-प्रसार के इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत मंडलों, कारखानों, रेल भत्र्ती बोर्डों आदि के उच्च अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक का संचालन करते हुए उप मुख्य राजभाषा अधिकारी अजीत प्रताप वर्मा ने समिति को पिछली बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों, सिफारिशों पर की गई कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत किया। साथ ही रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित वार्षिक कार्यक्रम से संबंधित मदों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। मुख्य राजभाषा अधिकारी राजेश कुमार ने बैठक के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक के अनुभवी एवं ऊर्जावान नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि हम सभी उनके निर्देशों का हरसंभव अनुपालन कर पूर्व मध्य रेल में राजभाषा के प्रचार-प्रसार को एक नई ऊंचाई प्रदान करेंगे।

उन्होंने बैठक में बताया कि ई-ऑफिस में हिंदी में कार्य करना काफी सुचारू हो गया है और पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर में ई-ऑफिस पर कार्य शत-प्रतिशत कार्य हिंदी में किये जा रहे हैं। बैठक का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन अजीत प्रताप वर्मा, उप मुख्य राजभाषा अधिकारी सह उप मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर (डीएडडी) ने किया।