मुजफ्फरपुर। पेडिंग परिणाम में सुधार और प्रमोटेड विद्यार्थियों को पार्ट-थ्री का परीक्षा फॉर्म भरने को लेकर बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों ने हंगामा किया।

वहीं प्रति कुलपति के विवि पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने कहा कि डेढ़ से दो वर्षो से पेडिंग में सुधार के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या की जस की तस बनी हुई है।
इस पर प्रति कुलपति प्रो.रवींद्र कुमार ने कहा कि जिन विद्यार्थियों का परिणाम पेडिंग है उन्हें फार्म भरने का मौका मिलेगा। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में पहुंचे विद्यार्थियों ने कहा कि उनका परिणाम प्रमोटेड दिखा रहा है।
कापी के लिए छह महीने पहले आरटीआइ किया, लेकिन अबतक कापी नहीं मिली। इसके लिए कई छात्रों ने 300 रुपये भुगतान भी कर दिया है। इन विद्यार्थियों को एक पेपर में शून्य से पांच अंक तक दिए गए है।
वहीं विद्यार्थियों ने परीक्षा नियंत्रक के कक्ष में गए। उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। कहा कि इससे पूर्व भी अंडरटेकिंग लेकर प्रमोटेड वाले विद्यार्थियों का फार्म भरा जाता रहा है।
इस बार फार्म भरने से रोका जा रहा है। इस पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि इस पर कुलपति से मार्गदर्शन मांगा गया है। अनुमति मिलने पर प्रमोटेड परिणाम वाले विद्यार्थी भी फार्म भर पाएंगे।


