सूबे में पिछले दो दिनों से ठंड में तेजी से वृद्धि हुई है। पूरे प्रदेश में उत्तरी पश्चिमी हवा का प्रवाह बढ़ा है। पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से सूबे के अधिकतर शहरों में शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। पटना, भागलपुर, गया और पूर्णिया में अधिकतम तापमान में दो से ढाई डिग्री की गिरावट आई है। 
पटना में अधिकतम पारे में दो दिन में साढ़े पांच डिग्री की गिरावट आई है। पटना का न्यूनतम तापमान भी पिछले 24 घंटों में ढाई डिग्री तक नीचे आया है। सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान में कमी बक्सर में हुई है। यहां पिछले 24 घंटों में न्यूनतम पारा 4.5 डिग्री तक नीचे आ गया। 
पटना में भी 2.4 डिग्री न्यूनतम तापमान नीचे आने से लोगों ने सुबह और शाम में ठंड महसूस की। शनिवार को सबसे अधिक ठंड जीरादेई में रही, जहां न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। भोजपुर में 4.1 डिग्री, औरंगाबाद में 3.2 डिग्री, वाल्मीकिनगर में 1.6 डिग्री, पूर्वी चंपारण में दो डिग्री, मुजफ्फरपुर में 1.9 डिग्री, नालंदा में 2.2 डिग्री, गया में 3.1 डिग्री और दरभंगा में 1.2 डिग्री पारा नीचे आया है। 
शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह में लोग देर से घरों से निकले। ज्यादातर लोग गर्म कपड़ों में दिखे। दिन में ठंडी हवाओं का प्रभाव रहने की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे आ गया है।
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 24.6 12
गया 24 11.3
भागलपुर 25.4 15.4
पूर्णिया 25 14.4
वाल्मीकिनगर 23.2 10.6