मुजफ्फरपुर : राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अधिकारियों को दिलाई गई शपथ

मुजफ्फरपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर समाहरणालय कक्ष में उप विकास आयुक्त ने अधिकारीगण, बीएलओ एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता राजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा डॉ अजय कुमार ,उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार मिश्रा, डीआरडीए निदेशक चंदन चौहान तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारीगण,जन प्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 12 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर “चुनाव को समावेशी, सुलभ और सहभागी बनाना’ थीम पर आधारित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना।

मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाये जाने का उद्देश्य भारत की निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्ष भागीदारी और इसके लिए आम आदमी को जागरूक करना है, जिससे मताधिकार के प्रति लोगों में दायित्व और कर्तव्य का बोध हो और मतदाता मतदान के प्रति उत्साहित रहें।

उन्होंने अपने संबोधन में सशक्त लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका और महत्व पर बल देते हुए कहा कि मतदान के दिन हम सभी को अपनी दिनचर्या का सर्वाधिक महत्वपूर्ण कार्य करते हुए वोट डालना है, क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति का वोट देश के भावी भविष्य की नींव रखता है।

इसलिए हर एक व्यक्ति का वोट राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनता है । कार्यक्रम में उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उद्देश्य और महत्व पर विस्तृत जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में गरुड़ ऐप के कार्यों को उत्कृष्ट एवं निर्धारित समय सीमा के अंदर पूर्ण करने हेतु जिले के सभी निर्वाचक निबंधन अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

वहीं, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाने वाले जिला जनसंपर्क अधिकारी कमल सिंह तथा निर्वाचन कार्यो और गतिविधियों का सोशल मीडिया पर बेहतर ढंग से प्रचारित करने को लेकर सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई उदय कुमार झा को भी प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

वही गरुड़ एप के माध्यम से सर्वप्रथम कार्य संपादन करने वाले प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के दो-दो बीएलओ को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी स्वीप आईकॉन अभ्युदय शरण भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंच संचालन का कार्य उप निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार मिश्रा के द्वारा किया गया जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला जनसंपर्क अधिकारी कमल सिंह ने किया।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.