मुजफ्फरपुर। एक फरवरी से इंटर की परीक्षा शुरू होने जा रही है। इस परीक्षा को कदाचार मुक्त सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर तैयारी की गई है।इस परीक्षा को लेकर एमआइटी परिसर में सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई।
इस दौरान कदाचारमुक्त व शांतिपूर्ण परीक्षा के संचालन को लेकर अपर समाहर्ता राजेश कुमार ने कहा कि 65 परीक्षा केंद्रों पर एक से 14 तक दो पालियों में परीक्षा का संचालन किया जाएगा। कदाचारमुक्त परीक्षा के आयोजन को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई हैं।
इसके लिए 44 गश्ती दंडाधिकारी व छह उड़नदस्ता दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सुपर उड़नदस्ता के रूप में जिला आपूर्ति पदाधिकारी महमूद आलम, डीआरडीए निदेशक चंदन चौहान और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मो.उमैर की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर लेना आवश्यक है। देर से आने वाले प्रत्याशियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रथम पाली के परीक्षार्थी को सुबह 9.20 व द्वितीय पाली में दोपहर 1:35 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। कहा कि गश्ती दल के दंडाधिकारी अपने साथ टैग किये गए परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के क्रम में सुनिश्चित करेंगे कि केंद्राधीक्षक एवं परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त स्टैटिक दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन सख्ती से करें।

परिभ्रमण के दौरान यदि कोई छात्र-छात्रा, अभिभावक, वीक्षक या कोई भी व्यक्ति स्वच्छ एवं कदाचार रहित वातावरण में परीक्षा संचालन में व्यवधान या कदाचार में लिप्त हों तो गश्ती दल के प्रभारी दंडाधिकारी वैसे व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे।
किसी भी परिस्थिति में 200 मीटर की परिधि में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति नहीं रहेगा। यदि कोई व्यक्ति इसका उल्लंघन करता है तो उसे गिरफ्तार कर उन पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा।
