अब भागलपुर रेलखंड पर भी दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस! पूर्व रेलवे जोन को मिलेगी 25 ट्रेनें, जानें इसकी खासियत

आम बजट में भले ही तत्काल प्रभाव से कोई नई ट्रेन भागलपुर रेलखंड पर नहीं दी गई हो, लेकिन बजट में घोषित वंदे भारत ट्रेन भागलपुर रेलखंड पर चलने की उम्मीद है। पूर्व रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि 400 वंदे भारत एक्सप्रेस पूरे देश में चलाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से कम से कम 25 वंदे भारत एक्सप्रेस पूर्व रेलवे को मिलेगी। 

पूरी संभावना है एक वंदे भारत एक्सप्रेस भागलपुर रेलखंड पर भी चलेगी। इसके अलावा वन स्टेशन वन प्रोडक्ट की योजना के तहत भागलपुर स्टेशन को सिल्क के लिए विकसित किया जा सकता है, क्योंकि यहां सिल्क कपड़ों की लोडिंग अच्छी होती है। पूर्व रेलवे के अधिकारियों का कहना है हावड़ा से दिल्ली जाने के लिए अब भागलपुर रूट भी प्रमुख रूटों में से एक है। साथ ही पूर्व रेलवे जोन का तीसरा सबसे महत्वपूर्ण और डिविजन में सर्वाधिक राजस्व देने वाला भागलपुर स्टेशन ग्रेड ए-1 श्रेणी का है। 

इस रेलखंड पर अब दोहरी लाइन भी है और विद्युतीकरण भी पूरा हो चुका है। संभव है कि एक वंदे भारत एक्सप्रेस दिल्ली को नवगछिया रूट से पूर्वोत्तर भारत को जोड़ने वाली चल सकती है। दूसरी ओर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के तहत भागलपुर सहित मालदा रेल मंडल के कई स्टेशनों को फायदा हो सकता है। पूर्व रेलवे इसकी ब्रांडिंग करेगा। 

भागलपुर में सिल्क की महत्ता को देखते हुए इस स्टेशन के लिए सिल्क को प्रमुख उत्पाद माना जाएगा। इसके अलावा पाकुड में स्टोन और भागलपुर जिले के नवगछिया में मक्का को प्रमुख उत्पाद माना जाएगा। नवगछिया से मक्के की लोडिंग अच्छी होती है। ऐसे अब मक्के की लोडिंग पीरपैंती में भी बढ़ रही है। लेकिन पीरपैंती में मिर्च किसानों को भी इसका फायदा मिल सकता है।

पूर्व रेलवे के अधिकारी बोले

पूर्व रेलवे के सीपीआरओ एकलव्य चक्रवर्ती ने बताया कि इस बजट से पूर्व रेलवे क्षेत्र के लोगों काफी लाभ मिलेगा। वन स्टेशन वन प्रोडक्ट के तहत भागलपुर में सिल्क और पाकुड़ में स्टोन को महत्ता दी जाएगी। सबसे खास बात है कि 400 वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की बात हुई है। कम से कम 25 वंदे भारत ट्रेन पूर्व रेलवे को मिलने की संभावना है। 

हालांकि अभी से रूट निर्धारण नहीं किया जा सकता है। लेकिन भागलपुर पूर्व रेलवे जोन का प्रमुख स्टेशन है इसलिए इस रेलखंड पर भी यह ट्रेन चलने की पूरी संभावना है। अभी तक एक वंदे भारत एक्सप्रेस के रूट का निर्धारण किया गया है जो हावड़ा से रांची जाएगी। 

सीपीआरओ ने बताया कि बजट में रेल परिचालन को तकनीकी रूप से सशक्त करने की भी पहल की गई है। इसमें दुर्घटना रोकने के लिए भी स्टेप लिये जाएंगे। पूर्व रेलवे क्षेत्र में कुछ जगहों पर कार्गो टर्मिनल भी बनाया जाएगा। बजट में आवंटन का विस्तृत विवरण अगले कुछ दिनों में आ जाएगा। 

वंदे भारत ट्रेन की ये हैं खासियत 

वर्तमान में वंदे भारत ट्रेन के रैक की जो डिजाइन की गई है उसमें आरामदायक सीटों की व्यवस्था की गयी है। यह सीट 180 डिग्री पर घूम भी सकती है। इसका फायदा यह होगा कि चार लोग एक साथ यात्रा कर रहे हैं तो सीट घुमाकर आमने-सामने बैठ सकेंगे। इस ट्रेन में यात्रियों को सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। ट्रेन के 16 कोच में 14 चेयर कार और 2 एग्जीक्यूटिव क्लास चेयर कार वाले कोच लगाए जाते हैं। चेयर कार कोच में 78 सीटें रहती है। एग्जीक्यूटिव क्लास में 52 यात्री सफर कर सकते हैं।

एक बार फिर डिवीजन कार्यालय पर चर्चा नहीं

आम बजट में भागलपुर में प्रस्तावित मंडल कार्यालय को लेकर एक बार फिर इस क्षेत्र के लोगों को निराशा हाथ लगी। बजट में भागलपुर मंडल कार्यालय की चर्चा नहीं की गई। इस मामले में 2009 से ही लोग आस लगाये बैठे हैं। 2009 के अंतरिम बजट में ही भागलपुर में मंडल कार्यालय बनाने की घोषणा की गई थी। इसके बाद इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। तब से जनप्रतिनिधि इस मामले को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। कई बार रेल मंत्री को ज्ञापन भी दिया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading