
PATNA : अभी-अभी राजधानी पटना से एक बड़ी खबर आ रही है। पूर्व मेयर समीर हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने धर-दबोचा है। पटना एयरपोर्ट से उसे गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ की टीम ने मुख्य आरोपी गोविंद को पटना एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गोविंद पटना से बाहर भागने की फिराक में था, तभी एसटीएफ को इसकी खबर मिल गयी और उसे पकड़ लिया गया। गोविंद की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। एसटीएफ की टीम भी उसे पकड़ने के लिए उसके पीछे लगी हुई थी।

बता दें कि 23 सितंबर की देर शाम को मुजफ्फरपुर के चंदवारा में अपराधियों ने पूर्व मेयर समीर और उनके ड्राइवर सुजीत को गोलियों से भून डाला था। कार के अंदर ही दोनों की मौत हो गयी थी। हत्या की इस वारदात को अंजाम देने के लिए एके 47 का इस्तेमाल किया गया था। समीर की हत्या से उस वक्त सनसनी फैल गयी थी। वो मुजफ्फरपुर के पूर्व मेयर रह चुके थे। सामाजिक और राजनीतिक रूप से काफी सक्रिय थे। एमपी का चुनाव भी लड़ चुके थे।

इसके पहले पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में आरोपित शूटर गोविंद व सुजीत की अग्रिम जमानत की अर्जी पर सुनवाई टल गयी। अर्जी पर जिला जज हरेंद्रनाथ तिवारी के कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। अब इसकी सुनवाई 24 दिसंबर को होगी। कोर्ट के आदेश के बावजूद पुलिस ने केस डायरी पेश नहीं की। यह दूसरा मौका है, जब जमानत की अर्जी की सुनवाई टली है। हालांकि, उसके अधिवक्ता प्रियरंजन ने सुनवाई तक दोनों के विरुद्ध जारी कुर्की के आदेश पर रोक लगाने की प्रार्थना की, लेकिन कोर्ट ने कोई आदेश जारी नहीं किया है।
