मुजफ्फरपुर. पटना एसटीएफ की टीम ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर के पूर्व मेयर समीर कुमार हत्याकांड में वांछित शूटर गोविंद को पटना एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय दबोच लिया। देर रात उसे मुजफ्फरपुर पुलिस को सौंप दिया गया। मुजफ्फरपुर की एसआईटी उससे पूछताछ कर रही है।
एसटीएफ सूत्रों की मानें तो प्रारंभिक पूछताछ में उसने पूर्व मेयर हत्याकांड में सुशील छापड़िया के अलावा 5 सफेदपोशों के नाम बताए हैं। हत्या के लिए 8 करोड़ रुपए की सुपारी दी गई थी। इसमें 60 लाख रुपए एडवांस दिए गए थे। गोविंद दिल्ली से हवाई जहाज से जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट, पटना उतरा था। इसकी भनक एसटीएफ आईजी कुंदन कृष्णन (ऑपरेशन) को लग गई थी। एसटीएफ ने पकड़ने के बाद उसे एयरपोर्ट थाने में रखा। वहां से गुप्त स्थान पर ले जाकर पूछताछ की गई।

मुजफ्फरपुर पुलिस की पूछताछ में गोविंद ने कल्याणी मछली मंडी वाली जमीन के लिए पूर्व मेयर की हत्या की बात बताई। कहा कि समीर कुमार इस जमीन के सौदे में अड़ंगा बन रहे थे। इस वजह से हत्या की प्लानिंग की गई। मुजफ्फरपुर एसआईटी की पूछताछ में गोविंद ने कहा है कि कल्याणी की जमीन का विवाद इस स्तर तक पहुंच गया था कि वह पूर्व मेयर की हत्या नहीं करता तो उसकी हत्या कर दी जाती। बीते 23 सितंबर को पूर्व मेयर समीर कुमार की एके-47 से अंधाधुंध गोलीबारी कर हत्या कर दी गई थी।
कांड की समीक्षा करने डीजीपी के आने से पहले सरेंडर की थी तैयारी
अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई 24 दिसंबर तक टल जाने के बाद गोविंद के सरेंडर की तैयारी थी। बुधवार को कांड की समीक्षा करने मुजफ्फरपुर आ रहे डीजीपी से पहले वह पुलिस ऑफिस या कोर्ट में सरेंडर कर देता।
अचानक सरेंडर मामले में तब्दीली हुई। गोविंद खुलकर एयरपोर्ट पहुंच गया। उसे पता था कि हवाई जहाज से दिल्ली से पटना जाने की भनक पुलिस को लग ही जाएगी। इस तरह उसे एसटीएफ ने दबोच लिया।

दिल्ली में सेल्समैन बन कर छिपा था
पुलिस सूत्रों की मानें तो दिल्ली में छिपने के लिए गोविंद एक कपड़ा दुकान में सेल्समैन बना रहा। एक रणनीति के तहत वह मुजफ्फरपुर आने के लिए एयरपोर्ट पहुंच गया। यह भी बताया कि कुर्की जब्ती की कवायद तेज होने के बाद उस पर दबाव भी बनाया गया। गिरफ्तारी नहीं होती तो बुधवार को उसके घर की पुलिस कुर्की कर लेती।
भगवानपुर के ट्रांसपोर्टर पर दबिश की रणनीति रही सफल
पूर्व मेयर हत्याकांड में भगवानपुर इलाके के एक बड़े व चर्चित ट्रांसपोर्टर पर दबिश बनाने की पुलिस की रणनीति सफल रही। नगर थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार के नेतृत्व में सोमवार की शाम 4 बजे ट्रांसपोर्टर के यहां पहुंच कर विशेष पुलिस टीम ने लंबी पूछताछ की थी। पुलिस टीम को यह भनक लगी थी कि पूर्व मेयर हत्याकांड के कुछ ही दिन पहले ट्रांसपोर्टर ने एक अपार्टमेंट में फ्लैट लिया। फ्लैट को लेकर भी ट्रांसपोर्टर से लंबी पूछताछ की गई। ट्रांसपोर्टर की गतिविधियों पर विशेष पुलिस टीम की पहले से ही नजर थी। सोमवार की शाम में ट्रांसपोर्टर पर दबिश बढ़ाने के अगले ही दिन पटना एयरपोर्ट पर शूटर गोविंद की गिरफ्तारी को पुलिस की रणनीति का ही हिस्सा माना जा रहा है।
गोविंद को पटना एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है। एसटीएफ की मदद से उसे पकड़ा गया। इसके लिए व्यक्तिगत रूप से आईजी ऑपरेशन से आग्रह किया गया था। उसे पटना से मुजफ्फरपुर लाकर पूछताछ की जा रही है। -मनोज कुमार, एसएसपी, मुजफ्फरपुर