मुजफ्फरपुर। समाहरणालय सभागार में डीएम प्रणव कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। इस दौरान होली व शब-ए-बारात व आगामी त्योहार को शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने पर चर्चा हुई। बैठक में एसएसपी जयंतकांत, नगर आयुक्त, डीडीसी, अपर समाहर्ता, सीएस, दोनों अनुमंडल पदाधिकारी अन्य पुलिस पदाधिकारी के साथ जिला शांति समिति के सदस्य गण एवं शहर के प्रबुद्ध लोग उपस्थित थे।

डीएम प्रणव कुमार ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर जिला गंगा-जमुना तहजीब का नयाब उदाहरण है। जिले के सभी लोग मिल-जुल कर त्योहारों को मनाते हैं। सभी पर्व आपसी भाईचारे प्रेम एवं सद्भाव के साथ मनाया जाता रहा है। इसमें शांति समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं अन्य प्रबुद्ध जनों से अनुरोध किया कि आगामी होली और शब-ए-बारात का पर्व भी आपके सहयोग से शांतिपूर्ण और सदभाव पूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शांति समिति के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाएं बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं और इस बार भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका अपेक्षित है।
डीएम ने कहा कि होली के त्योहार पर किसी प्रकार की अनहोनी ना हो इसके लिए जिले के सभी पदाधिकारी को सचेत कर दिया गया है। वहीं शांति समिति के सदस्य एवं जिले के नागरिक शांति के लिए कटिबद्ध रहेंगे तो यह त्योहार भी पूर्व की भांति शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर भी सारी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। पवित्र होली त्यौहार के अवसर पर जिले वासी गंगा-जमुना तहजीब को कायम रखेंगे।

कहा कि इस त्योहार के अवसर पर कोई अप्रिय घटना ना हो उसके लिए जिला प्रशासन सजग और सचेत है। एसएसपी जयंत कांत ने भी शांति समिति के सदस्यों के द्वारा सुझाए गए महत्वपूर्ण सुझावों को नोट किया गया और उन्होंने आश्वस्त किया कि इन सुझावों के आलोक में अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। शांति समिति के सदस्यों ने शहर में साफ-सफाई, बिजली की स्थिति, रौशनी की उपलब्धता, खाद्य पदार्थों विशेषकर मिठाई की दुकानों पर लगातार छापेमारी करने ,ट्रिपल लोडिंग पर नकेल कसने, असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करना, हुड़दंगियों पर नकेल कसने तथा अन्य महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

होली एवं अन्य त्योहारों के अवसर पर असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है। डीजे पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया का बेजा इस्तेमाल करने वाले लोगो के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वाले, भ्रामक खबर परोसने वाले के विरुद्ध विभिन्न प्रावधानों के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी लोग शांति, सदभाव एवं आपसी भाईचारे के साथ होली एवं शब-ए-बारात पर्व को मनाये। साथ ही सभी लोग कोविड-19 गाइडलाइन का पालन भी करें।
इस मौके पर रेयाज अंसारी, सोनू सिंह, इरफान अहमद दिलकश, वसीर उल हक रिजवी, शीतल गुप्ता, प्रोफेसर शब्बीर, इरशाद हुसैन गुड्डू, गोपाल कृष्ण, केपी पप्पू, संजय केजरीवाल, उदय शंकर प्रसाद सिंह, नीलेश वर्मा, मोती लाल छाबड़िया, अध्यक्ष चैंबर ऑफ कॉमर्स, मुख्य पुजारी गरीब नाथ मंदिर, इंद्रा देवी आदि उपस्थित थे।
