मुजफ्फरपुर।बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से इंटर का रिजल्ट जारी होते ही परीक्षार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। मुजफ्फरपुर समेत पूरे उत्तर बिहार के परीक्षार्थी अपना परणिाम जानने के लिए मोबाइल व साइबर कैफे पर नजरें बनाए हुए थे।
जैसे ही वेबसाइट पर रिजल्ट आया छात्रों में खुशी देखने लायक थी। चूकि होली काफी नजदीक है। इस लिए खुशी व होली के रंग दोनों विद्यार्थियों के चेहरे पर दिखाई दे रहा है। सभी सफल होने वाले छात्रों के घरों में उत्सव का माहौल था।

सफल परीक्षार्थियों को स्वजनों ने मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। बिहार बोर्ड ने तत्परता का परिचय देते हुए स-समय परीक्षा का आयोजन कराने के साथ ही समय पर परिणाम भी जारी कर दिया।

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से कक्षा 12वीं की परीक्षा का आयोजन एक फरवरी से शुरू हुआ था, जो 14 फरवरी तक चला था। मुजफ्फरपुर के 56 हजार व प्रदेश के कुछ 16 लाख 48 हजार परीक्षार्थियों को परीक्षा परिणाम के लिए बेसब्री से इंतजार था।
इस दिशा में बोर्ड की ओर से भी लगातार सार्थक प्रयास किए गए। वीक्षकों की कमी के बावजूद समय पर मूल्यांकन के कार्य को पूरा कराया गया। इस बार बोर्ड ने नई तकनीक पर काम शुरू किया। इसके तहत मूल्यांकन कार्य के साथ ही साथ टैबलेशन का काम भी चल रहा था।

जिस केंद्र पर जितनी कॉपियां जांची जा रही थीं उसके अंक उसी दिन ऑनलाइन अपलोड कर दिए गए थे। यानि कार्य किसी प्रकार की कोताही या लापरवाही नहीं बरती गई। नतीजा सामने है। होली के अवसर पर परिणाम जारी होने के बाद छात्र छात्राओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर परिणाम के साथ ही होली की बधाई दी। पास होने के बाद हर के चेहरे पर रंग और गुलाल लगे थे।
