मुजफ्फरपुर। बिहार विधानसभा की एकमात्र खाली बोचहां सीट के लिए उपचुनाव होने हैं। इसके लिए हाईवोल्टेज ड्रामा चल रहा है। एनडीए से शुरू हुए विवाद ने बाद में राजद को भी अपनी चपेट में ले लिया। वहां से भी धोखा देने और विश्वासघात किए जाने की बात सामने आ रही है।
इस दौरान यह देखा गया कि मुकेश सहनी के पूर्व घोषित प्रत्याशी ने चुनाव से ठीक पहले पाला बदल लिया और राजद के खेमे में जा बैठे। वहीं राजद से टिकट की दावेदारी में बहुत आगे चल रहीं रमई राम की बेटी डा. गीता देवी को अंतिम समय में वीआइपी में शामिल होना पड़ा।
वे अब मुकेश सहनी की प्रत्याशी होंगी। वीआइपी सुप्रीमो की ओर से प्रत्याशी घोषित कर दिए जाने के बाद भाजपा एक बार फिर से उनपर हमलावर नजर आ रही है। अब उनको मुजफ्फरपुर के प्रभारी मंत्री के पद से हटाने की मांग की जा रही है। मुख्य मुकाबला की स्थिति साफ होने के बाद अब दलों ने अपने-अपने हिसाब से जनसंपर्क शुरू कर दिया है।
वहीं दूसरी ओर एक-दूसरे पर हमले भी आरंभ हो गए हैं। इस बीच भाजपा ने एक बार फिर से मुकेश सहनी पर निशाना साधा है। बोचहां चुनाव में उनके उतरने के बाद अब पार्टी ने उनको प्रभारी मंत्री पद से हटाने की मांग उठानी शुरू कर दी है।
इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि अभी चुनाव अचार संहिता लागू है। प्रभारी मंत्री रहते हुए वे यहां चुनाव प्रचार कर रहे हैं। यह नियम संगत नहीं है। इसलिए उन्हें इस पद से मुक्त कर दिया जाना चाहिए। मुजफ्फरपुर सांसद व भाजपा बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष अजय निषाद की ओर से इस आशय का पत्र सीएम को लिखे जाने की चर्चा है।
