मुजफ्फरपुर। बोचहां सुरक्षित सीट पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव के लिए अब नाम वापसी की अंतिम तिथि समाप्त हो गई। किसी अभ्यर्थी ने नाम वापस नहीं लिया।
इस तरह नामांकन दाखिल करने वाले सभी 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसमें पार्टियों के अलावा चार उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें तीन महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।
बोचहां उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार बेबी कुमारी की जीत को लेकर जिला भाजपा ने ताकत झोंक दी है। विधानसभा संचालन समिति एवं व्यवस्था विभाग का गठन किया गया है।
जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने संचालन समिति की बैठक में जिला महामंत्री धर्मेंद्र साहु को विधानसभा चुनाव प्रभारी, अनुसूचित जाति मोर्चा महामंत्री नंदकिशोर पासवान को सह चुनाव प्रभारी बनाया।
बोचहां विधानसभा के संगठनात्मक मंडल मुशहरी में जिला प्रवक्ता आलोक राजा, बोचहां में जिला मंत्री रविकांत सिन्हा एवं अहियापुर मंडल में जिला मंत्री कृष्ण बल्लभ यादव को मंडल चुनाव प्रभारी का दायित्व दिया गया है।
