मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जंक्शन पर सामान्य टिकट के लिए बुधवार को तीन अतिरिक्त काउंटर खोले गए। इस तरह टिकट काउंटरों की संख्या चार से बढ़कर सात हो गई है।
इससे जल्द टिकट मिलने से यात्रियों को ट्रेनों में सवार होने में सहूलियत हुई। पूर्व मध्य रेलवे तक मामला पहुंचने पर सोनपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग ने बुधवार को तीन अतिरिक्त काउंटर बढ़ा दिए।
पार्सल कार्यालय में भेजे गए बुकिंग क्लर्कों को पुन: सामान्य टिकट काउंटर पर तैनात कर दिया गया है। अब एक घंटे के बदले बीस मिनट में टिकट मिलने से यात्री आराम से ट्रेनों में सवार होकर रवाना हुए।
कम संख्या में काउंटर होने से एक सप्ताह से टिकट बुकिंग के लिए जंक्शन पर मारामारी की स्थिति थी। एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों में यात्रा की रियायत मिलने से अब औसतन रोज 1200 से बढ़कर छह हजार यात्री सामान्य टिकट पर यात्रा कर रहे हैं।
