मुजफ्फरपुर। समय के साथ शहर की आबादी बढ़ी, वाहनों की संख्या में भी इजाफा हुआ। शहर में बहुमंजिली भवनों का निर्माण हुआ। मार्केट का विस्तार हुआ, लेकिन इस हिसाब से न तो सड़कों की चौड़ाई बढ़ी और न ही चौक-चौराहों एवं गलियों का विकास हुआ।
न शहर में पार्किंग स्थल का विकास हुआ और न ही पुल-पुलियों का निर्माण हुआ। और तो और अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के कारण सड़कें संकीर्ण होती गई। इससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई।
कोई ऐसा दिन नहीं जब शहरवासियों को जाम से रूबरू न होना पड़े। लोग रोजाना होने वाले जाम से परेशान हैं। समाजसेवी अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि जब सड़कों पर वाहनों का पार्किंग होगा और चौक-चौराहे पर अवैध दुकानें सजेगी तो जाम से कैसे मुक्ति मिलेगी।
अधिकारी जाम से निजात का प्लान एसी कमरे में बैठकर बनाते हैं जिससे जाम के मूल कारण उन्हें दिखाई नहीं पड़ते। जाम से निजात के लिए जिला, पुलिस एवं नगर निगम प्रशासन मिलकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करे।
सब्जी मंडी बने चौक-चौराहों से अवैध दुकानों को हटाए। शहर के विभिन्न इलाकों में पार्किंग स्थलों का विकास करे तभी जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
