बिहार में बनने जा रहे तीन नए जिले, सीएम के करीबी मंत्री ने की घोषणा

बगहा। नए जिले बनाने की वर्षों पुरानी मांग को बिहार सरकार गंभीरता से लेने जा रही है। अब इस दिशा में फैसला करने का वक्त आ गया है। जिसके बाद इन क्षेत्र के लोगों की परेशानी कम हो जाएगी। उन्हें जिला मुख्यालय जाने की परेशानी से मुक्ति मिल जाएगी। ये बातें सीएम नीतीश कुमार के करीबी मंत्री ने एनडीए कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि इन जिलों को राजस्व जिला का दर्जा मिल जाने के बाद विकास की गति और बढ़ेगी।

भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि एनडीए की सरकार बगहा सहित बाढ़ व नवगछिया को राजस्व जिला बनाने की तैयारी में है। आने वाले दिनों में तीनों पुलिस जिला को राजस्व जिला का दर्जा मिल जाएगा। विकास के मामले में बिहार नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ रहा है। बिहार विकास दर के मामले में देश में 11 वें स्थान पर है। वे नरईपुर स्थित पूर्व मंत्री पूर्णमासी राम के आवास पर एनडीए के कार्यकर्ताओं व जन प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

कहा कि 15 साल पहले पति-पत्नी का शासन था। उस समय बिहार का बजट लगभग मात्र 23 हजार करोड़ रुपये होता था। 17 साल बाद बिहार का बजट 2 लाख 37 हजार करोड़ रुपये हो गया। बिहार में यह बदलाव है।

पति-पत्नी के शासन काल में बिजली की खपत मात्र 700 मेगावाट थी और आज 5 हजार 9 सौ 32 मेगावाट बिजली की खपत हो रही है। रजिस्टर्ड उपभोक्ता मात्र 24 लाख ही थे। आज 1 करोड़ 61 लाख उपभोक्ता है।

मंत्री ने कहा कि इन 17 वर्षों में मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में, सुशासन की सरकार में सत्ता का विकेंद्रीकरण कर देश में सबसे ज्यादा तेजी से विकास करने वाले राज्य में बिहार का नाम शामिल हुआ। प्रदेश में शराब बंदी लागू की। दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ कानून लागू किया। यह बदलाव एक कुशल नेतृत्व का परिणाम है। जो नेता प्रभावशाली होता है, बड़ा होता है, दूरदर्शी होता है। प्रदेश के विकास के लिए योजनाओं का निर्माण करता है। उन्होंने एमएलसी प्रत्याशी राजेश राम के लिए जनप्रतिनिधियों से वोट की अपील की।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.