बेतिया : मुस्लिम महिला गायों की जिंदगी बचाने के लिए रख रहीं रोजा, जानें….

बेतिया। श्रीनगर थाना क्षेत्र के पूजहां बनरही निवासी बाबुजान मियां की पत्नी मिशरुन नेशा(40) गोवंश की सेवा का मायके से मिली प्रेरणा को ससुराल में पिछले 20 वर्ष से उड़ान दे रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद गोवंश की सेवा को व्यवसाय नहीं बनाया है। पूरी सिद्दत के साथ गोसेवा कर हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश दे रही हैं।

हालांकि इनके इस सेवा भाव में पति समेत परिवार के अन्य सदस्यों का भी भरपूर सहयोग मिलता है। फिलहाल इनके पास दो गाय और एक बछ़ड़ा है। इनकी दिनचर्या गायों की सेवा से शुरु होती है। मिशरुन नेशा कहती है, कि गाय की सेवा करने से उनके मन को शांति मिलती है। गोवंश कई मायने में महत्वपूर्ण है। फरवरी में काफी ठंड पड़ रही थी। एक दिन अचानक उनकी एक गाय की तबीयत खराब हो गई। दो दिन बाद पशु चिकित्सक को बुलाया गया।

चिकित्सक ने इलाज की। दो- तीन हजार रुपये खर्च भी हुए। लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। ऐसा लग रहा था कि अब गाय की जिंदगी बचाना मुश्किल है। पूरे परिवार के लोग गाय को लेकर काफी चिंतित थे। सभी अल्लाह से दुआ कर रहे थे। मिशरुन नेशा ने मन्नत मांगी और 11 दिनों का रोजा आरंभ कर दीं। अभी रोजा के पांच दिन हीं बीते थे कि एक सप्ताह से चारा- पानी त्याग कर बेसुध पड़ी गाय खड़ी हो गई और 11 दिवसीय रोजा पूर्ण होते हीं गाय स्वस्थ हो गई। मिशरुन नेशा ने बताया कि उनका मायका नौतन प्रखंड के झखरा गांव में है। उनके माता- पिता गोवंश की सेवा करते थे।

उन्हीं से मिली प्रेरणा से वह भी गाय की सेवा करती हैं। उनके पिता हामिद मियां भी गाय की सेवा करते थे। मिशरुन सात- आठ साल की थी। उस वक्त उसके मायके में गाय का एक बछड़ा बीमार हो गया था तो उसकी मां ने रोजा रखा और बछड़ा स्वस्थ हो गया। तभी से मिशरुन गोसेवा में जुट गईं। शादी के बाद जब ससुराल आईं तो यहां भी गाय की सेवा करती हैं।

उत्तरी पटजिरवा, बैरिया की मुखिया अख्तरी बेगम ने कहा कि निश्चित रूप से मिशरुन नेशा की गोसेवा का कार्य सराहनीय है। अन्य लोगों को भी उनसे प्रेरणा लेकर गाय की सेवा करनी चाहिए। अभी तो डेयरी उद्योग के लिए सरकार की ओर से बढ़ावा भी दिया जा रहा है। जहां गोसेवा के साथ- साथ आर्थिक समृद्धि भी आ रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.