वीआईपी प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने बोचहां में चुनाव प्रचार के दौरान आरोप लगाया है कि बीजेपी की नीति ही ’यूज एंड थ्रो’ की रही है।
उन्होंने कहा कि हमारी बात छोड़ दीजिए, आखिर एक साल पहले जिस दिवंगत रामविलास पासवान जी को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया था, आज उनकी ही पत्नी को उनके सरकारी घर से बाहर निकाल दिया गया।
मुकेश सहनी ने यह भी कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में सांसद चिराग पासवान को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी (जेडीयू) के खिलाफ इस्तेमाल कर लिया गया और अब उन्हें भी प्रताड़ित किया जा रहा है।
चिराग पासवान खुद कह रहे हैं कि उन्हें तो घर खाली करना ही था, लेकिन बेइज्जत कर घर से निकाला गया।
वीआईपी प्रमुख ने कहा कि हमारे साथ क्या हुआ, यह सबको पता है। अब यह उप चुनाव एक बड़ा मौका है जब ऐसी राजनीति करने वालों से वोटों के जरिए बदला लिया जाए, जो सत्ता तक पहुंचने के लिए किसी को यूज तो करते है, लेकिन जब वह अपना हक मांगते हैं तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखा देते हैं।
