मुजफ्फरपुर। शहर को जलजमाव की पीड़ा से निजात दिलाने के लिए गुरुवार को निगम कार्यालय स्थित सभागार में आधा दर्जन विभागों की बैठक हुई। अध्यक्षता नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने की। बैठक में शहर को जलजमाव से निजात दिलाने के लिए सभी को मिलकर काम करने को कहा गया।
पथ निर्माण विभाग एवं स्मार्ट सिटी कंपनी को बरसात पूर्व सभी नालों के निर्माण का काम हर हालत में पूरा करने लेने को कहा गया। रेलवे लाइन के नीचे बने नाले की सफाई रेलवे की देखरेख में कराने का निर्णय लिया गया। बेला औद्योगिक क्षेत्र से जलनिकासी को बने डीपीआर की मांग बियाडा से की गई ताकि इसका अवलोकन किया जा सके।

शहरी क्षेत्र से बाहर फरदो नाले की उड़ाही को लेकर सिंचाई विभाग से मदद मांगी गई। बैठक के उपरांत नगर आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों को इस साल बरसात में जलजमाव की पीड़ा नहीं झेलनी पड़े, इसके लिए हरसंभव उपाए किए जा रहे हैं। उन्होंने बुडको से आउटलेट निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा ताकि शहर के पूर्वी भाग को संभावित जलजमाव से निजात दिलाया जा सके।
कहा कि निजी एजेंसी की मदद से शहरी क्षेत्र स्थित फरदो नाले की उड़ाही की जा रही है। शहरी क्षेत्र के बाहर निगम अपने संसाधनों की मदद से नाला उड़ाही का काम करेगा। शहर की सभी छोटी-बड़ी नालियों की उड़ाही एक बार पूरी कर ली गई है। उनकी दोबारा उड़ाही कराई जाएगी। बैठक में नगर निगम के अभियंताओं के साथ-साथ पथ निर्माण, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण विभाग, बियाडा, रेलवे, बुडको, स्मार्ट सिटी कंपनी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नगर आयुक्त ने बैठक में सभी से सहयोग मांगा।

