बिहार एमएलसी चुनाव : बीजेपी से कम सीट लाकर भी जदयू सबसे बड़ा दल

स्थानीय प्राधिकार कोटे से बिहार विधान परिषद की 24 सीटों के लिए चार अप्रैल को हुए चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने गुरुवार को आए परिणाम में महागठबंधन पर बढ़त बना ली है। राजग की बात करें तो भाजपा को सात, जदयू को पांच और रालोजपा को एक सीट पर जीत मिली है। वहीं, महागठबंधन में पिछली बार की तुलना में राजद का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है।

राजद के छह प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। वहीं, चार निर्दलीय भी विजयी रहे। इसमें सारण, मधुबनी, नवादा और पूर्वी चंपारण में निर्दलीय का डंका बजा। महागठबंधन से बाहर कर दिए गए कांग्रेस ने भी एक सीट के जरिए अपनी प्रतिष्ठा को काफी हद तक बचाने का प्रयास किया है। जीत के आंकड़ों के हिसाब से विधान परिषद में राजद को फिर से नेता प्रतिपक्ष का ओहदा मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी नेता प्रतिपक्ष बन सकती हैं। मतदाता ने वीआइपी के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी और चिराग पासवान को खारिज कर दिया। वीआइपी ने सात सीटों पर उम्मीदवार तो जरूर दिए, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत पाई। ऐसी ही स्थिति चिराग की रही। अगर दलगत स्थिति से इतर बात करें तो 24 सीटों में 16 नए चेहरे चुनकर आए हैं।        जदयू फिर भी रहेगा सबसे बड़ा दल

75 सीटों वाले विधान परिषद में भाजपा और राजद से कम सीटें जीतने के बावजूद जदयू सबसे बड़ा दल बना रहेगा। संख्या बल के हिसाब से जदयू सदस्यों की संख्या पांच नए सदस्यों के जुड़ने के बाद विधान परिषद में 28 हो गई है। वहीं, भाजपा के सात नए सदस्यों के जीतने के बाद 22, राजद के छह नए सदस्यों के जीतने के बाद कुल सदस्यों की संख्या 11, कांग्रेस के एक नए सदस्य जीतने के बाद चार, निर्दलीय की संख्या पांच, भाकपा के दो, हम के एक, रालोजपा और वीआइपी के एक-एक सदस्य रहेंगे। 

कौन कहां से जीता 

  • पटना से कार्तिकेय कुमार सिंह (राजद)
  • गया से कुमार नागेंद्र उर्फ रिंकू यादव (राजद)
  • मुंगेर से अजय कुमार सिंह (राजद)
  • पश्चिम चंपारण से सौरभ कुमार (राजद)
  • सिवान से विनोद जायसवाल (राजद)
  • सहरसा से अजय कुमार सिंह (राजद)
  • भोजपुर से राधाचरण साह (जदयूू)
  • सीतामढ़ी से रेखा कुमारी (जदयू)
  • मुजफ्फरपुर से दिनेश सिंह (जदयू)
  • नालंदा से रीना यादव (जदयू)
  • भागलपुर से विजय सिंह (जदयू)
  • औरंगाबाद से दिलीप सिंह (भाजपा)
  • रोहतास-कैमूर से संतोष कुमार सिंह (भाजपा)
  • समस्तीपुर से तरुण कुमार (भाजपा)
  • पूर्णिया से दिलीप जायसवाल (भाजपा)
  • कटिहार से अशोक अग्रवाल (भाजपा)
  • गोपालगंज से राजीव कुमार (भाजपा)
  • दरभंगा से सुनील चौधरी (भाजपा)
  • वैशाली से भूषण राय (रालोजपा)
  • बेगूसराय से राजीव कुमार सिंह (कांग्रेस)
  • सारण (छपरा) से सच्चिदानंद राय (निर्दलीय)
  • मधुबनी से अंबिका गुलाब यादव (निर्दलीय)
  • नवादा में अशोक यादव (निर्दलीय)
  • पूर्वी चंपारण से महेश्वर सिंह (निर्दलीय)

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading