पटना : संक्रामक बीमारियों पर रोक के लिए अनोखी पहल, इंटीग्रेटेड पोर्टल से नियंत्रण होगा आसान

पटना। बिहार में एक्यूट गैस्ट्रोइंट्रोराइटिस, चिकेन पाक्स, चिकनगुनिया, डेंगू, डिप्थेरिया जैसी बीमारी के मामले आए दिन सामने आते हैं। किसी न किसी गांव, शहर में यह बीमारियां अपना कहर दिखाती रहती हैं। जिन पर नजर रखना स्वास्थ्य विभाग के लिए भी एक बड़ी चुनौती का काम था। अब समस्या का समाधान करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने करीब तीन दर्जन बीमारियों के पल-पल के अपडेट के लिए इंटीग्रेटेड हेल्थ इंफारमेशन प्लेटफार्म (आइएचआइपी) पोर्टल शुरू किया है।

पोर्टल ने काम करना शुरू कर दिया है। बीमारियों पर नजर रखने में एएनएम की विशेष भूमिका होगी। जबकि जिला स्तर पर एक मेडिकल टीम भी होगी जो संबंधित बीमारी से निपटने में सहायक की भूमिका अदा करेगी। एएनएम क्षेत्र के भ्रमण के दौरान सामने आने वाली बीमारी का पूरा ब्योरा संबंधित पोर्टल पर अपलोड करेंगी। आइएचआइपी पोर्टल पर डाटा फीड करने के लिए एएनएम को अनमोल नाम से टैबलेट भी दिया गया है।

एएनएम टैब पर बीमारी के साथ इलाके का लोकेशन भी फीड करेंगी। एएनएम के जानकारी फीड करते ही यह जानकारी संबंधित क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों के प्रमुख को मिलेगी। जिसके बाद जिलों में तैनात स्वास्थ्य टीम को बीमारी से लडऩे के इंतजाम में लगा दिया जाएगा। विभाग का मानना है कि इससे संबंधित बीमारी पर तत्काल अंकुश लगाया जा सकेगा।

बीमारी और मरीज का डाटा आनलाइन होने से पीएचसी और सीएचसी स्तर तक मरीज का पूरा अपडेट विभाग के पास होगा। जिससे बीमारी की पहचान कर उससे निपटने में आसानी होगी। विभाग के अनुसार इस पोर्टल पर फिलहाल जो बीमारियां ट्रैक की जाएंगी

उनमें एंथ्रेक्स, चिकेन पाक्स, चिकनगुनिया, डेंगू, डिप्थेरिया, थायराइड, ह्यूमन रैबीज, मलेरिया, मिजल्स, मेनेंजाइटिस, मप्स, एक्यूट गैस्ट्रोइंट्रोराइटिस, जापानी इंसेफ्लाइटिस, एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम, परटयूसिस, सारी, रूबेला, हेपेटाइटिस-ए, हेपेटाइटिस- ई, इंफुलुऐंजा व सिगलोसिस जैसी बीमारियां हैं। इस सूची में जल्द ही कुछ और बीमारियों को शामिल किया जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.