पटना : बिहार विधान परिषद में दिखेगा बड़ा बदलाव, किस पार्टी का बढ़ा ओहदा, जानें…

पटना। बिहार विधान परिषद की तस्वीर सोमवार से औपचारिक तौर पर बदल जाएगी। परिषद के लिए स्थानीय प्राधिकार से निर्वाचित 24 विधान पार्षदों को सोमवार को पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसी के साथ परिषद में राजद का संख्या बल बढ़ जाएगा और राजद को औपचारिक तौर पर नेता प्रतपिक्ष का ओहदा हासिल हो जाएगा।

सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी में विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह दोपहर तीन बजे एनेक्सी सभागार में शपथ दिलाएंगे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद और रेणु देवी भी मौजूद रहेंगी।

दरअसल, चुनाव आयोग ने शुक्रवार को नवनिर्वाचित विधान पार्षदों के निर्वाचन की विधिवत अधिसूचना जारी करने के बाद शनिवार को विधान परिषद सचिवालय को सूचित कर दिया। इसी आधार पर विधान परिषद सचिवालय ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ ग्रहण के लिए सूचित कर दिया है।

भाजपा के औरंगाबाद से दिलीप सिंह, रोहतास-कैमूर से संतोष कुमार सिंह, समस्तीपुर से तरुण कुमार, पूर्णिया से दिलीप जायसवाल, कटिहार से अशोक अग्रवाल, गोपालगंज से राजीव कुमार और दरभंगा से सुनील चौधरी चुनाव जीते हैं। वहीं, जदयू के भोजपुर से राधाचरण साह, सीतामढ़ी से रेखा कुमारी, मुजफ्फरपुर से दिनेश सिंह, नालंदा से रीना यादव और भागलपुर से विजय सिंह विजेता रहे हैं।

राजद के पटना से कार्तिकेय कुमार सिंह, गया से कुमार नागेंद्र उर्फ रिंकू यादव, मुंगेर से अजय कुमार सिंह, पश्चिम चंपारण से सौरभ कुमार, सिवान से विनोद जायसवाल और सहरसा से अजय कुमार सिंह निर्वाचित हुए हैं। वहीं, रालोजपा के वैशाली से भूषण राय के अलावा कांग्रेस के बेगूसराय राजीव कुमार सिंह निर्वाचित हुए हैं। चार निर्दलीय में सारण (छपरा) से सच्चिदानंद राय, मधुबनी से अंबिका गुलाब यादव, नवादा से अशोक यादव (निर्दलीय) और पूर्वी चंपारण से महेश्वर सिंह (निर्दलीय) विजयी रहे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.