बोचहां में वोटिंग से पहले BJP को अपने कोर वोट बैंक भूमिहार में टूट की आशंका है। अब डैमेज कंट्रोल के लिए पार्टी ने अपनी पूरी मशीनरी यहां लगा दी है। पार्टी की तरफ से दो फायर ब्रांड नेता केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल को मैदान में उतारा गया है।
दोनों पिछले एक सप्ताह से लगभग आधा दर्जन पंचायतों में प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की है। वे डोर-टू-डोर पहुंच कर समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे हैं। दरअसल, सांगठनिक उपेक्षा के अलावा पिछले दिनों राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री का इस जाति के दो बड़े नेताओं के खिलाफ टिप्पणी और स्थानीय कैंडिडेट को टिकट नहीं मिलना इसकी वजह मानी जा रही है।
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष की एक सभा में लोग खुल कर इस बात का विरोध भी जता रहे हैं। बेबी कुमारी को यहां से कैंडिडेट बनाने का भी लोग विरोध कर रहे हैं। BJP भी जानती है कि इस इलाके में भूमिहार निर्णायक भूमिका में हैं। वे यहां जीत-हार का समीकरण बिगाड़ सकते हैं।
इधर, RJD अपने यादव और मुस्लिम कोर वोट बैंक के साथ तेजी से भूमिहार वर्ग में अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। विधान पार्षद चुनाव में उसका यह दांव कामयाब भी रहा। अब तेजस्वी की सभा में इस जाति से जुड़े कई संगठन के नेताओं की मौजूदगी ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। विधानसभा क्षेत्र में इस जाति के करीब 44 हजार वोटर और 30 हजार एक्टिव वोटर हैं।
3 मंत्री की अगुआई में 35 विधायकों ने बूथ स्तर पर किया है कैंप
BJP की तरफ से यहां पंचायवतवार विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है। यहां के 35 पंचायतों में विधायक कैंडिडेट से इतर बूथ स्तर पर जाकर प्रत्याशी के पक्ष में वोट मांग रहे हैं। रणनीति के मुताबिक, 29 मार्च से 10 अप्रैल तक लगभग एक दर्जन मंत्री 35 विधायक, 16 विधान परिषद सदस्य, 1500 से अधिक कार्यकर्ता बोचहां में कैंप किए हैं। बोचहां विधानसभा के तहत तीन मंडल बोचहां, मुशहरी और अहियापुर की जिम्मेवारी मंत्री जीवेश मिश्रा, जनक राम और रामप्रीत पासवान को गई थी।