मुख्यमंत्री ने डाक्टरों से की ये खास अपील, कहा पूरी दुनिया में होगा राज्य का नाम

नालंदा। आप सभी डाक्टर यहीं रहिए, पढ़ाई पूरी कर दूसरी जगह मत जाइएगा। आप लोग बिहार के भविष्य हैं। आप लोगों के जरिए ही बिहार की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा। यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय महत्व का स्थल है। उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्रों से कहा कि महावीर-बुद्ध की इस धरती पर देश के साथ-साथ विदेशों के छात्र भी ज्ञान अर्जित करने आते हैं।

अभी सैकड़ों विद्यार्थी नालंदा अंतरराष्ट्रीय विवि में पढ़ाई कर रहे हैं। आने वाले दिनों में बिहार का नाम पूरी दुनिया में रोशन होगा। ये बातें जनसंवाद यात्रा के दौरान पावापुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहीं।

उन्होंने पावापुरी मेडिकल कालेज के ऑडिटोरियम में हाथ जोड़कर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से बिहार में ही रहकर सेवा देने का आग्रह किया। इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. सहजानंद प्रसाद सिंह, वर्द्धमान महावीर मेडिकल कालेज और अस्पताल(विम्स) के प्राचार्य डा. पीके चौधरी, अस्पताल अधीक्षक डा. ज्ञान भूषण ने मुख्यमंत्री का स्वागत फूल-माला व अंगवस्त्र पहनाकर किया। मुख्यमंत्री ने विम्स के स्थापना दिवस के मौके पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया।

प्राचार्य डा. पीके चौधरी ने बताया कि स्थापना के नौ वर्ष बाद पहली बार विम्स का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कालेज को आटोनामस बनाने का आग्रह किया गया है। उन्होंने विचार करने की बात कही है।

इससे पहले सीएम तीर्थंकर महावीर विद्या मंदिर स्थित सभा स्थल पहुंचे। पावापुरी मोड़ से सभास्थल तक एनडीए के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भगवान महावीर की धरती है, जिन्होंने पूरे विश्व को सत्य अहिंसा के साथ जियो और जीने दो का उपदेश दिया। मौके पर वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रो. रामसागर सिंह समेत जदयू व भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading