मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर के सरैया प्रखंड के बासोकुंड में जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर की जन्म भूमि पर गुरुवार को 2621वें महावीर जयंती समारोह का आयोजन किया गया।
इसमें देश-विदेश से सैकड़ों की संख्या में जैन धर्मावलंबी पहुंचे। जय जिनेंद्र के जयकारे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
भगवान महावीर जन्मस्थली पर निर्मित भव्य मंदिर से भगवान की शोभा यात्रा सजी-धजी बैलगाड़ी से निकली, जो वैशाली के प्राचीन बावन पोखर पहुंची।
पोखर किनारे स्थित दिगंबर जैन मंदिर में स्थापित भगवान महावीर की अष्टधातु की मूर्ति को मंडप में रखकर गाजे-बाजे के साथ झूमते-गाते व जयकारा लगाते श्रद्धालुओं का जत्था वैशाली, अभुचक, बासोकुंड गांव होते हुए पुन: भगवान महावीर मंदिर पहुंचा।
भगवान की मूर्ति मंदिर के गर्भगृह में मुख्य मूर्ति के समीप स्थापित कर जैन परंपरा के अनुसार महा मस्तकाभिषेक किया गया। इसके बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर एडीजे वैशाली अनुज कुमार जैन, मुकेश जैन, राकेश जैन, राजेश जैन, रविंद्र जैन सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।
