बेगूसराय। यह बिहार की तालिबानी पुलिस है। यह पंचायत के तालिबानी फरमान का दुम हिलाकर साथ देती है। यह किसी आरोपित को भीड़ से छुड़ा गिरफ्तार करने के बदले उसे थूक चटवा कर उठक-बैठक कराती है। साथ में पिटाई न करे ऐसा भले कैसे हो सकता है? चौंकिए नहीं, मामला बेगूसराय का है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
छेड़खानी करते पकड़ा गया शिक्षक
बताया जाता है कि समस्तीपुर के बिथान थाना क्षेत्र के पचरुखी निवासी टीचर रमेश कुमार यादव हसनपुर बाजार से सटे मालीपुर रोड में आइडियल कोचिंग का संचालन करता है। आरोप है कि वह बेगूसराय की एक लड़की के साथ छेड़खानी करते पकड़ा गया। लड़की ने छेड़खानी के कारण कोचिंग जाना छोड़ दिया था। इसके बाद कोचिंग संचालक उसके घर पहुंचकर प्यार का इजहार करने लगा। इसी दौरान वह मौके से पकड़ा गया।
इसके बाद ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। स्थानीय मुखिया एवं गढ़पुरा थाना के अधिकारियों के समक्ष शिक्षक को पीटा गया, फिर भरी सभा में थूक चटाया गया, उठक-बैठक भी कराई गई।
थानेदार को भी आ गया ताव, कर दी ये हरकत
इसके बाद मौके पर मौजूद थानेदार को भी ताव आ गया। उन्होंने आरोपित शिक्षक को दे-दनादन कई चांअे रसीद कर दिए। इसके बाद कड़क आवाज में उसे थूक चाटने को विवश किया। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया।